
सहारनपुर: सहारनपुर के शिवालिक क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध सिद्धपीठ मां शाकंभरी देवी मंदिर परिसर में शुक्रवार को अचानक आई बाढ़ ने भारी तबाही मचाई. शाकंभरी खोल नदी में अचानक आई तेज बाढ़ आई. देखते ही देखते पानी का बहाव इतना तेज हो गया कि श्रद्धालुओं में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए. वहीं कई वाहन पानी की तेज बहाव में बह गए.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज बहाव की चपेट में आकर ट्रैक्टर-ट्रॉली, कारें, बाइकें, क्रेन और जेनरेटर सहित दर्जनों वाहन बह गए. वहीं मंदिर परिसर और आसपास लगी कई दुकानों को भी भारी नुकसान पहुंचा है. अचानक आए पानी से मौके पर चीख-पुकार मच गई और श्रद्धालुओं में दहशत फैल गई. हादसे में दो श्रद्धालुओं के बहने से की सूचना सामने आ रही है, हालांकि प्रशासन की ओर से आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है. कई अन्य लोगों के फंसे होने की भी आशंका जताई जा रही है.
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. एसडीएम बेहट मानवेंद्र सिंह, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, इंस्पेक्टर मिर्जापुर सूबे सिंह और इंस्पेक्टर बेहट जितेंद्र कुमार दीक्षित पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया. प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं से नदी और बहाव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की जा रही है. मौके पर बचाव टीमों को तैनात कर दिया गया है.
बचाव टीमें नदी किनारे और मंदिर परिसर में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने में जुटी हैं. पुलिस और प्रशासन लगातार लाउडस्पीकर के जरिए लोगों से नदी और बहाव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील कर रहे हैं. मौके पर हालात बेहद तनावपूर्ण बने हुए हैं. प्रशासन द्वारा पूरे क्षेत्र की निगरानी की जा रही है और श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का काम जारी है. प्रशासन की ओर से राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved