
कांगपोकपी। इंफालः मणिपुर के कांगपोकपी जिले के लोइबोल खुलेन गांव में शुक्रवार को संदिग्ध उग्रवादियों के हमले में तीन लोगों की मौत हो गई और सात घर जलकर राख हो गए। कुकी का प्रतिनिधित्व करने वाली मुख्य संस्था KIM के अनुसार, NSCN-IM और उसके सहयोगी संगठन ZUF (K) के भारी हथियारों से लैस सदस्यों ने सुबह करीब 4 बजे गांव पर हमला किया। संगठन ने कहा कि इस हमले में तीन आम नागरिकों की मौत हो गई, सात घर नष्ट हो गए और नागरिकों की संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचा।
मृतकों की पहचान लेतखोंगम हाओकिप, उनकी पत्नी टिनमेरी हाओकिप और जांगमिनलाल हाओकिप के रूप में हुई है। ये सभी लोइबोल खुलेन के निवासी थे। घटना की निंदा करते हुए KIM ने इस हमले को निहत्थे नागरिकों के खिलाफ “हिंसा का बर्बर कृत्य” बताया और कहा कि निर्दोष लोगों की जानबूझकर हत्या और घरों को नष्ट करना मानवीय गरिमा और मौलिक मानवाधिकारों का गंभीर उल्लंघन है।
इसके अलावा, KSO साउथ वेस्ट सदर हिल्स ने आरोप लगाया कि VBIG, ZUF-कामसन और NSCN (IM) से जुड़े उग्रवादी हमले में शामिल थे और नागा विद्रोही समूहों पर कूकी लोगों के पुश्तैनी इलाकों को निशाना बनाने का आरोप लगाया।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved