गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर (Gorakhpur) जिले से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक पिता पर अपने ही दो मासूम बच्चों की जान लेने का आरोप लगा है। गीडा क्षेत्र (Gida area) के बरवार खुर्द गांव में हुई इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि बच्चों को कथित तौर पर दही में जहरीला पदार्थ मिलाकर दिया गया, जिससे उनकी मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी पिता सत्यम कुमार गुरुवार शाम करीब छह बजे घर पहुंचा था। उस समय घर में उसकी तीनों संतानें मौजूद थीं। आरोप है कि वह अपने साथ कोई जहरीला पदार्थ लेकर आया था। पुलिस के अनुसार, सबसे पहले उसने अपने साढ़े चार वर्षीय बेटे अक्षत को जहरीला मिश्रण दिया और बाद में आठ वर्षीय बेटी प्राची को भी वही पदार्थ पिला दिया।
परिजन दोनों बच्चों को तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान शुक्रवार तड़के उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।
मृत बच्चों के दादा की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
परिवार का कहना है कि आरोपी लंबे समय से मानसिक बीमारी से जूझ रहा था। पत्नी संजू देवी के मुताबिक, उनके पति करीब दस वर्षों से मानसिक रोग का इलाज करा रहे थे और कुछ महीने पहले उन्हें बीआरडी मेडिकल कॉलेज में भर्ती भी कराया गया था। उन्होंने बताया कि घटना वाले दिन सुबह पति उन्हें शहर के एक मार्ट पर छोड़कर गए थे, लेकिन शाम में सूचना मिली कि वह बच्चों के साथ कमरे में बंद हैं।
पुलिस जांच में यह बात भी सामने आई है कि बच्चों को दही बेहद पसंद थी, इसलिए आरोपी ने उसी में कथित तौर पर जहरीला पदार्थ मिलाकर उन्हें दिया। बड़ी बेटी के बच निकलने के बाद आरोपी ने खुद को कमरे में बंद कर लिया था।
मामले पर पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को हिरासत में रखा गया है और सुरक्षा के मद्देनजर उस पर विशेष निगरानी की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, घटना से जुड़े हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved