img-fluid

1.27 करोड़ हिंदू वोटरों के नाम कटने के दावे पर CEO ने दिया ये जवाब

November 17, 2026

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची को लेकर सियासत तेज हो गई है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से गायब होने के दावे पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) नवदीप रिणावा ने जवाब दिया है. उन्होंने साफ किया कि निर्वाचन विभाग के पास मतदाताओं का धर्म के आधार पर कोई आधिकारिक डेटा उपलब्ध नहीं है… ऐसे में यह बताना संभव नहीं है कि कितने हिंदू, मुस्लिम या किसी अन्य धर्म के मतदाताओं के नाम सूची से हटे हैं.

सीईओ नवदीप रिणावा ने कहा कि मतदाता सूची में मतदाता का नाम, रिलेशनशिप और उम्र जैसी जानकारियां दर्ज होती हैं… इसमें धर्म का कोई कॉलम नहीं होता इसलिए निर्वाचन विभाग धर्म के आधार पर मतदाताओं की संख्या या उनके नाम कटने का अलग-अलग आंकड़ा जारी नहीं करता.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दावा किया था कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बाद करीब 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम विधानसभा की मतदाता सूची में नहीं हैं. उन्होंने इसके पीछे कई आंकड़े भी गिनाए थे. सीएम योगी के मुताबिक, करीब 66 लाख ऐसे मतदाता हैं, जिनके नाम पंचायत चुनाव की मतदाता सूची में हैं, लेकिन विधानसभा की मतदाता सूची में नहीं मिले. इसके अलावा करीब 55 लाख ऐसे हिंदू मतदाताओं के नाम विधानसभा की सूची में नहीं होने का दावा किया गया, जिन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है.


  • मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 18 साल से अधिक उम्र के करीब 4.5 लाख युवाओं के नाम भी मतदाता सूची में नहीं होने की बात कही थी. उन्होंने यह भी दावा किया था कि SIR के बाद मुस्लिम मतदाताओं की संख्या में 1.65 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है.

    सीएम योगी के दावे पर जवाब देते हुए नवदीप रिणावा ने कहा कि निर्वाचन विभाग के डेटाबेस में धर्म या राजनीति से जुड़े आंकड़े नहीं होते… मतदाता सूची में नाम, उम्र और रिलेशनशिप जैसी जानकारियां ही दर्ज होती हैं.. ऐसे में विभाग के पास यह बताने का कोई आधिकारिक रिकॉर्ड नहीं है कि किस धर्म के कितने मतदाताओं के नाम कटे हैं. हालांकि, रिणावा ने तकनीकी विश्लेषण की संभावना से इनकार नहीं किया.

    उन्होंने कहा कि PDF को कन्वर्ट करके डेटाबेस बनाया जा सकता है और फिर उसका विश्लेषण किया जा सकता है. बाजार में ऐसे कई ऐप और सॉफ्टवेयर उपलब्ध हैं, जो डेटा का अलग-अलग तरीके से वर्गीकरण कर सकते हैं.. यानी CEO ने विभाग के आधिकारिक डेटाबेस में धर्म आधारित आंकड़े होने से इनकार किया है, लेकिन तकनीक की मदद से मतदाता सूची का अलग-अलग आधार पर विश्लेषण किए जाने की संभावना भी बताई है.

    मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणावा ने 17 नवंबर को विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR)-2027 के तहत नई ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी की. उनके मुताबिक, 10 अप्रैल को जारी मतदाता सूची में कुल 13,39,84,792 मतदाता थे… अब 17 नवंबर को जारी ड्राफ्ट सूची में यह संख्या बढ़कर 13,58,68,905 हो गई है… इस तरह नई सूची में कुल 18,84,113 मतदाताओं की बढ़ोतरी हुई है… अब प्रदेश में कुल मतदाताओं की संख्या 13.58 करोड़ से अधिक हो गई है.

    CEO नवदीप रिणावा के मुताबिक, 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक मतदाता सूची पर दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकती हैं. इसके लिए फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 की व्यवस्था की गई है. इसके अलावा 21, 22, 28 और 29 नवंबर को प्रदेश के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे. निर्वाचन विभाग का जोर खास तौर पर युवाओं और महिलाओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने पर है.

    Share:

  • उमरिया गौशाला की जमीन निगम की, संचालन का फैसला किस आधार पर?

    Tue Nov 17 , 2026
    कांग्रेस पार्षद दल ने निरीक्षण कर मांगा जवाब जबलपुर। नगर निगम के वार्ड क्रमांक 79 स्थित उमरिया में 53 एकड़ भूमि पर निर्माणाधीन वृहद गौशाला के संचालन को लेकर विवाद सामने आया है। कांग्रेस पार्षद दल ने नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा के नेतृत्व में गौशाला स्थल का निरीक्षण कर प्रस्तावित संचालन व्यवस्था पर सवाल उठाए। […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved