
चंडीगढ़ । कांग्रेस नेता हरमोहिंदर सिंह लक्की (Congress leader Harmohinder Singh Lucky) ने कहा कि एलपीजी कीमतों में वृद्धि (Increase in LPG prices) आम जनता पर महंगाई का एक और निर्मम प्रहार है (Is another cruel blow of inflation on Common Man) ।
चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हरमोहिंदर सिंह लक्की ने घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर के दामों में 29 रुपए की बढ़ोतरी को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि यह फैसला देश की आम जनता पर महंगाई का एक और निर्मम और असहनीय प्रहार है। लक्की ने आरोप लगाया कि चुनावों के दौरान सौ दिनों में महंगाई पर लगाम लगाने और जनता को राहत देने के वादे करने वाली भाजपा सरकार अब हर घर का बजट बिगाड़ने में लगी हुई है। उन्होंने कहा कि सरकार को गरीब, मध्यमवर्गीय और गृहिणी महिलाओं की परेशानियों से कोई सरोकार नहीं है।
उन्होंने कहा कि रसोई गैस, पेट्रोल, डीजल और रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुओं की लगातार बढ़ती कीमतों ने पहले ही जनता की कमर तोड़ रखी है। ऐसे में एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी लोगों के जख्मों पर नमक छिड़कने जैसा है। लक्की ने कहा कि भाजपा सरकार के शासन में महंगाई अब एक स्थायी नीति बनती जा रही है। जनता को राहत देने के बजाय केंद्र सरकार कीमतें बढ़ाकर राजस्व बढ़ाने पर ध्यान दे रही है। उन्होंने कहा कि अच्छे दिनों का सपना दिखाया जाता है, लेकिन आम लोगों को महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक दबाव का सामना करना पड़ रहा है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि देश की करोड़ों गृहिणियां, मजदूर, कर्मचारी, छोटे व्यापारी और निम्न आय वर्ग के परिवार पहले से ही आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। ऐसे समय में गैस सिलेंडर के दाम बढ़ाना पूरी तरह जनविरोधी और असंवेदनशील कदम है। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में की गई वृद्धि को तुरंत वापस लिया जाए और महंगाई पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। साथ ही उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी आम जनता के हितों की रक्षा के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved