img-fluid

नीट के बाद एक और परीक्षा रद्द, अब MP में वनरक्षक भर्ती परीक्षा कैंसिल, सर्वर हो गया था फेल

June 07, 2026

भोपाल। मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (MPESB) द्वारा आयोजित वनरक्षक, क्षेत्ररक्षक, जेल प्रहरी एवं सहायक जेल अधीक्षक भर्ती परीक्षा के दौरान रविवार को राजधानी स्थित मित्तल कॉलेज परीक्षा केंद्र पर जमकर हंगामा हुआ। दूसरी पाली की परीक्षा तकनीकी समस्या के कारण शुरू नहीं हो सकी, जिससे नाराज अभ्यर्थियों ने धरना देकर प्रदर्शन किया और परीक्षा प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को बुलाना पड़ा। बाद में MPESB ने परीक्षा स्थगित कर 20 जून को दोबारा आयोजित करने की घोषणा की।

दूसरी पाली की परीक्षा तकनीकी कारणों से प्रभावित
वनरक्षक, क्षेत्ररक्षक, जेल प्रहरी एवं सहायक जेल अधीक्षक भर्ती परीक्षा 4 जून से 19 जून 2026 तक आयोजित की जा रही है। रविवार को दोपहर 2:30 बजे से 4:30 बजे तक दूसरी पाली की परीक्षा निर्धारित थी, लेकिन सर्वर संबंधी तकनीकी समस्या के कारण परीक्षा शुरू नहीं हो सकी। अभ्यर्थियों का आरोप है कि रिपोर्टिंग के बाद उन्हें घंटों इंतजार कराया गया। बार-बार यह आश्वासन दिया गया कि तकनीकी समस्या जल्द दूर हो जाएगी, लेकिन शाम तक परीक्षा शुरू नहीं हो सकी। बाद में अधिकारियों ने सर्वर क्रैश होने की जानकारी दी।


  • विरोध प्रदर्शन के बाद बुलानी पड़ी पुलिस
    परीक्षा निरस्त होने से नाराज अभ्यर्थियों ने केंद्र परिसर में विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। अभ्यर्थी देवांशु तिवारी ने आरोप लगाया कि छात्र लगातार परीक्षा शुरू कराने और स्पष्ट जानकारी देने की मांग कर रहे थे, लेकिन उनकी बात नहीं सुनी गई। उन्होंने बताया कि जब छात्र परिसर में धरने पर बैठ गए, तो कॉलेज प्रबंधन ने उन्हें हटाने का प्रयास किया। विरोध बढ़ने पर पुलिस को बुलाया गया और अभ्यर्थियों को परिसर से बाहर किया गया।

    दूर-दराज से पहुंचे अभ्यर्थियों में नाराजगी
    प्रदर्शन कर रहे छात्रों का कहना था कि कई अभ्यर्थी प्रदेश के विभिन्न जिलों सहित सैकड़ों किलोमीटर दूर से परीक्षा देने भोपाल पहुंचे थे। परीक्षा नहीं होने से उनका समय और पैसा दोनों बर्बाद हुआ। उनका आरोप है कि पूरे घटनाक्रम के दौरान उन्हें कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई। कुछ अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि उन्हें घंटों तक परीक्षा केंद्र में बैठाकर रखा गया। छात्रों का कहना है कि सुबह से केंद्र पर मौजूद रहने के बावजूद उन्हें पर्याप्त सुविधाएं नहीं मिलीं और कई अभ्यर्थी भूखे-प्यासे परेशान होते रहे।

    धांधली और पेपर लीक की आशंका
    विरोध के दौरान कुछ अभ्यर्थियों ने परीक्षा में धांधली और पेपर लीक होने की आशंका भी जताई। हालांकि, इन आरोपों की अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। छात्रों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। हंगामे के बीच मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल ने देर शाम आधिकारिक सूचना जारी कर बताया कि 7 जून को दूसरी पाली में आयोजित परीक्षा तकनीकी समस्या के कारण स्थगित की गई है।

    मंडल के अनुसार, अभ्यर्थियों के हित को ध्यान में रखते हुए यह परीक्षा अब 20 जून 2026 को प्रथम पाली में सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित की जाएगी। अभ्यर्थी नए प्रवेश पत्र मंडल की वेबसाइट से डाउनलोड कर परीक्षा में शामिल हो सकेंगे।

    जवाबदेही तय करने की मांग
    अभ्यर्थियों का कहना है कि परीक्षा दोबारा कराने का निर्णय राहत देने वाला है, लेकिन तकनीकी खामी के लिए जिम्मेदार एजेंसी और अधिकारियों की जवाबदेही भी तय की जानी चाहिए। छात्रों ने मांग की है कि भविष्य में भर्ती परीक्षाओं में ऐसी स्थिति दोबारा न बने, इसके लिए व्यवस्थाओं को और मजबूत किया जाए।

    Share:

  • सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved