शिवपुरी। मध्य प्रदेश के माधव टाइगर रिजर्व (Madhav Tiger Reserve) में बाघों (Tigers) की संख्या बढ़कर 11 हो गई है। रिजर्व में बाघिन MT3 को करीब तीन महीने के दो शावकों के साथ देखा गया है। बाघिन का यह तीसरा प्रसव है। इसके साथ ही बाघ पुनर्स्थापना कार्यक्रम शुरू होने के बाद माधव टाइगर रिजर्व में तीसरी बार शावकों का जन्म हुआ है।
माधव टाइगर रिजर्व में 10 मार्च 2023 को बाघ पुनर्स्थापना कार्यक्रम की शुरुआत की गई थी। इसके बाद से रिजर्व में बाघों की आबादी बढ़ाने और उनके संरक्षण के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। बाघिन MT3 के दो नए शावकों का जन्म इस कार्यक्रम की महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
संरक्षण के प्रयासों का दिख रहा असर
माधव टाइगर रिजर्व में बाघों की संख्या बढ़ाने में वन क्षेत्र के मैदानी अमले, पशु चिकित्सा दल, रिजर्व प्रबंधन और वरिष्ठ अधिकारियों के लगातार प्रयासों की अहम भूमिका रही है। बाघों के लिए अनुकूल वन्यजीव आवास तैयार करने और उनकी आबादी को स्थायी रूप से विकसित करने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं।
बाघिन MT3 के तीसरे प्रसव के साथ मध्य प्रदेश में बाघ पुनर्स्थापना और संरक्षण कार्यक्रम को एक और सफलता मिली है। नए शावकों का जन्म रिजर्व में बाघों की आबादी बढ़ने और संरक्षण प्रयासों में हुई प्रगति का संकेत है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved