
नई दिल्ली: श्रीलंका के डाम्बुला में खेले गए ट्राई-सीरीज के दूसरे मैच में कुदरत का खेल टीम इंडिया पर भारी पड़ गया. भारतीय बल्लेबाजों के दमदार प्रदर्शन के बूते खड़े किए गए 349 रनों के विशाल स्कोर के बावजूद, मैच में बार-बार आई बारिश और डकवर्थ-लुईस (DLS) नियम के गणित के चलते अफगानिस्तान ‘A’ को 4 रनों से विजेता घोषित कर दिया गया. जिसके चलते भारतीय टीम को इस सीरीज में पहली हार का सामना करना पड़ा.
टीम इंडिया ने बोर्ड पर लगाया बड़ा स्कोर
भारतीय टीम ने मैच में हर मोर्चे पर आगे नजर आई, लेकिन बारिश के कारण खेल के अचानक रुकने से मैच का फैसला क्रिकेट के सबसे पेचीदा नियम के आधार पर करना पड़ा. टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय ए टीम की शुरुआत काफी आक्रामक रही. युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने शुरुआती ओवरों में ही सिर्फ 22 गेंदों पर 44 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेलकर टीम इंडिया को एक्सप्रेस स्पीड दे दी. इसके बाद विकेटकीपर-बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह ने मोर्चा संभाला. उन्होंने 69 गेंदों में 84 रनों की पारी खेली, जिसमें 14 करारे चौके शामिल रहे.
फिर उपकप्तान ऋतुराज गायकवाड़ और कप्तान तिलक वर्मा ने अपनी क्लास दिखाई. दोनों ही बल्लेबाजों ने शानदार अर्धशतक जमाते हुए 66-66 रनों का योगदान दिया. अंत में सूर्यांश शेडगे के तेजतर्रार 40 रनों की मदद से भारत ने 49 ओवरों में 9 विकेट के नुकसान पर 349 का विशाल स्कोर खड़ा किया.
डकवर्थ-लुईस ने बिगाड़ा भारत का खेल
भारतीय पारी के खत्म होने के बाद मौसम ने करवट बदली. तेज बारिश के कारण खेल काफी देर तक रुका रहा, जिसके चलते ओवरों में कटौती की गई. अफगानिस्तान की ए टीम को जीत के लिए 38 ओवरों में 294 रन बनाने का टास्क मिला. जवाब में, अफगानिस्तान की शुरुआत सधी हुई रही. सलामी बल्लेबाज हसन ईसाखिल के 34 रन बनाकर आउट होने के बाद कप्तान इमरान मीर ने नाबाद 75 रन और बाहिर शाह ने नाबाद 51 रन बनाकर भारतीय गेंदबाजों को हावी होने का कोई मौका नहीं दिया. दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 108 रनों की अटूट साझेदारी की.
जब अफगानिस्तान ने 25.5 ओवरों में 2 विकेट खोकर 177 रन बना लिए थे, तभी डाम्बुला में एक बार फिर मूसलाधार बारिश शुरू हो गई. जब दूसरी बार खेल रुका, तब मैच को आधिकारिक नतीजा देने के लिए जरूरी न्यूनतम ओवरों का खेल हो चुका था. डकवर्थ-लुईस नियम के हिसाब से 25.5 ओवर के बाद अफगानिस्तान का पार-स्कोर 173 रन होना चाहिए था. वहीं, अफगानिस्तान उस समय तक 177 रन बना चुका था, इसलिए वो पार-स्कोर से 4 रन आगे थे और उन्हें विजेता घोषित किया गया.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved