
नई दिल्ली: न्यूजीलैंड क्रिकेट (New Zealand Cricket) के दिग्गज बल्लेबाजों में शुमार केन विलियमसन ने इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह दिया है. 35 साल के विलियमसन ने तत्काल प्रभाव से खेल के सभी फॉर्मेट से अपने संन्यास का ऐलान कर दिया है. इसके साथ ही उनके 16 साल लंबे और काफी शानदार इंटरनेशनल करियर का अंत हो गया है. उन्होंने ये फैसला इंग्लैंड के खिलाफ खेली जा रही 3 मैचों की टेस्ट सीरीज के बीच लिया है, इस सीरीज के पहले मैच में कीवी टीम को हार का सामना करना पड़ा था.
केन विलियमसन ने अचानक किया संन्यास का ऐलान
केन विलियमसन का यह फैसला क्रिकेट फैंस के लिए एक बड़ा झटका है. इस ऐलान के बाद वह इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज में आगे भाग नहीं लेंगे और जल्द ही उनकी जगह दूसरे खिलाड़ी को टीम में शामिल किया जाएगा. अपने संन्यास का ऐलान करते हुए केन विलियमसन ने कहा, ‘मैं पिछले कुछ समय से इस बारे में सोच रहा था, लेकिन पिछले कुछ दिनों में यह पूरी तरह साफ हो गया कि अलग होने का यही सही समय है. मैंने हमेशा इंटरनेशनल क्रिकेट के लिए एक मजबूत भूख और जज्बा महसूस किया है. मुझे इस बात पर गर्व है कि मैंने न्यूजीलैंड के लिए खेले हर मैच में अपना सब कुछ झोंक दिया. इससे कम योगदान के साथ आगे बढ़ना सही नहीं होता और मैं भाग्यशाली हूं कि मैं अपनी शर्तों पर खेल से दूर हो रहा हूं.’
केन विलियमसन का दमदार करियर
साल 2010 में इंटरनेशनल क्रिकेट में कदम रखने वाले केन विलियमसन न्यूजीलैंड के इतिहास के सबसे सफल बल्लेबाज के रूप में विदा हो रहे हैं. उन्होंने अपने देश के लिए 378 मैच खेले और कई बड़े कीर्तिमान अपने नाम किए. उन्होंने तीनों फॉर्मेट को मिलाकर न्यूजीलैंड के लिए सबसे ज्यादा 19,346 रन बनाए, जिसमें 48 शतक और 103 अर्धशतक शामिल हैं. वह 9,515 रनों और 33 शतकों के साथ न्यूजीलैंड के सबसे सफल टेस्ट बल्लेबाज हैं.
साल 2016 से 2024 के बीच उन्होंने कीवी टीम की कप्तानी की. उनकी कप्तान में न्यूजीलैंड ने साल 2021 में भारत को हराकर पहली ICC वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) का खिताब जीता था. इसके अलावा उनकी कप्तानी में टीम 2019 वनडे वर्ल्ड कप और 2021 टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल तक पहुंची थी. इस दौरान वह 2019 वनडे वर्ल्ड कप में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुने गए थे. इसके साथ-साथ उन्होंने 2019 में ICC टेस्ट प्लेयर ऑफ द ईयर का अवॉर्ड जीता.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved