शिमला। भाजपा सांसद एवं अभिनेत्री कंगना रनौत (Kangana Ranaut) की सोशल मीडिया पोस्ट (Post) को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। कांग्रेस नेता सोनिया गांधी (Sonia Gandhi) और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी, संजय गांधी तथा राजीव गांधी की मौत से जुड़े पोस्ट के मामले में उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की गई है। शिमला निवासी कैप्टन अतुल शर्मा ने इस संबंध में हिमाचल प्रदेश पुलिस के महानिदेशक (डीजीपी) को आपराधिक शिकायत भेजी है। शिकायत गुरुवार को ईमेल के माध्यम से भेजी गई, जिसकी प्रतियां सीआईडी और साइबर क्राइम विंग के अधिकारियों को भी भेजी गई हैं।
शिकायत में सोनिया गांधी के लिए कथित तौर पर ‘मिस्ट्रीअस फॉरेन नेशनल’ (रहस्यमयी विदेशी नागरिक) जैसे शब्दों के इस्तेमाल पर भी आपत्ति जताई गई है। इसके अलावा एक पोस्ट में सास और पति की एक के बाद एक मौत के बाद सोनिया गांधी के सरकार के शीर्ष पद तक पहुंचने संबंधी टिप्पणी का जिक्र किया गया है। संजय गांधी की मौत के बाद मेनका गांधी को परिवार के आवास से बाहर किए जाने से जुड़ी टिप्पणी पर भी शिकायतकर्ता ने सवाल उठाए हैं।
कैप्टन अतुल शर्मा का कहना है कि ये टिप्पणियां सामान्य राजनीतिक आलोचना और ऐतिहासिक घटनाओं पर चर्चा की सीमा से आगे हैं। उनके अनुसार, बिना पुष्टि वाले ऐसे दावे समाज में टकराव और तनाव बढ़ाने के साथ सार्वजनिक शांति को प्रभावित कर सकते हैं। उन्होंने पुलिस से संबंधित पोस्ट की सामग्री और उनके डिजिटल स्रोतों की विस्तृत जांच कराने तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की तीन धाराओं के तहत कार्रवाई करने की मांग की है।
शिकायतकर्ता ने यह भी कहा है कि संविधान का अनुच्छेद 19(1)(ए) अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का अधिकार देता है, लेकिन इस अधिकार के तहत प्रत्येक प्रकार के बयान को कानूनी संरक्षण प्राप्त नहीं है। फिलहाल शिकायत पर पुलिस की ओर से कार्रवाई किए जाने की जानकारी सामने नहीं आई है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved