
इन्दौर। आज सुबह प्रशासन और नगर निगम की टीम ने एमपीआरडीसी द्वारा देवास नाका क्षेत्र में बनाए जा रहे ब्रिज के समीप सर्विस रोड के चौड़ीकरण में बाधक 40 दुकानों को ढहाने की कार्रवाई शुरू की। यह दुकानें आईडीए की जमीन पर अवैध रूप से बना ली गई थी और कार्रवई के दौरान एक वाइनशाप का कुछ हिस्सा भी तोड़ा गया। कार्रवाई को लेकर दुकानदारों का निगम टीम के साथ छिटपुट विवाद भी हुआ।
दो दिन पहले मेन देवास नाका क्षेत्र के 40 से ज्यादा दुकानदारों को नोटिस दिए गए थे, ताकि वे अपना सामान वहां से हटा लें और आज सुबह प्रशासन और निगम के अधिकारियों का दल पुलिस बल के साथ देवास नाका क्षेत्र में सुबह-सुबह पहुंचा और कई दुकानों को तोडऩे की कार्रवाई शुरू कर दी गई। नगर निगम अधिकारियों के मुताबिक देवास नाका क्षेत्र में एमपीआरडीसी ब्रिज का निर्माण कर रहा है और उसी के चलते मेन देवास नाका की सर्विस रोड को चौड़ा किया जाना है, ताकि बाद में यातायात की दिक्कत ना आए। इसके लिए वहां 40 दुकानें चिन्हित की गई थीं और आज सुबह वहां तोडफ़ोड़ की कार्रवाई शुरू कर दी गई।
अफसरों के मुताबिक उक्त जमीन आईडीए की है और उस पर कई लोगों ने अवैध रूप से दुकानें बनाने के साथ-साथ कई हिस्सों में ऊपरी मंजिलों पर भी निर्माण कर लिया था। यह सर्विस रोड अब चौड़ी की जाएगी और बाधाएं हटाने के बाद इसका काम तेजी से शुरू किया जाएगा, ताकि देवास नाका क्षेत्र की यातायात व्यवस्था बेहतर हो सके। कार्रवाई के दौरान वहां एक वाइन शाप का हिस्सा भी सर्विस रोड की चौड़ाई में बाधक था, जिसे हटा दिया गया। हालांकि वाइनशाप के कर्मचारियों ने पहले ही उस स्थान को खाली कर दिया था। कई जगह दुकान तोडऩे को लेकर लोगों की निगम रिमूवल टीम के कर्मचारियों से बहस भी हुई और पुलिसकर्मियों ने उन्हें एक ओर कर कर दिया। सुबह-सुबह अचानक रिमूवल अमले पहुंचने के बाद कई लोग दुकानों का सामान हटाते नजर आए। एसडीएम घनश्याम धनगर और प्रशासन की टीम के साथ-साथ निगम के कई अधिकारी भी मौके पर मौजूद थे और बारिश के पहले उक्त सर्विस रोड का निर्माण कार्य शुरू करने की तैयारी है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved