
मुंबई । महाराष्ट्र (Maharashtra) के लोहगढ़ किले (Lohagarh Fort) में 24 साल के केतन अग्रवाल (Ketan Agarwal) की हत्या के मामले में रोज नए खुलासे हो रहे हैं। हत्या के आरोप में केतन की मंगेतर सिया गोयल (Siya Goyal) और उसका बॉयफ्रेंड चेतन चौधरी पुलिस की रिमांड पर है जहां पूछताछ जारी है। इस दौरान एक हैरान करने वाले बयान में चेतन ने बताया है कि सिया गोयल अपने मंगेतर केतन से सगाई तोड़कर चेतन के साथ इसीलिए नहीं भागना चाहती थी, क्योंकि उसे डर था कि ऐसा करने से समाज में उसके ‘परिवार की बदनामी’ होगी। इस बदनामी से बचने के लिए ही उसने भागने की बजाय मंगेतर की हत्या की खौफनाक साजिश रच डाली।
गौरतलब है कि बीते 18 जून को लोहागढ़ किले से पैर फिसलने के कारण रियल एस्टेट कंपनी के निदेशक केतन की मौत हो गई थी। शुरुआत में इसे दुर्घटना माना जा रहा था, लेकिन बाद में जांच के दौरान हत्या की साजिश का पर्दाफाश हुआ। पुलिस ने बताया कि केतन अपनी मंगेतर सिया गोयल का जन्मदिन मनाने के लिए लोहगढ़ ट्रेकिंग पर गए थे। दोनों की शादी नवंबर में होने वाली थी। दोनों परिवारों ने शादी के लिए राजस्थान में 17 करोड़ रुपये में एक महल भी बुक किया था और मेहमानों को लाने-ले जाने के लिए दो निजी विमानों की व्यवस्था की गई थी।
एक्सीडेंट का दिया नाम
सिया ने शुरुआत में पुलिस को बताया कि तस्वीर खिंचवाते समय केतन का पैर फिसल गया और वह खाई में गिर गया। तीन घंटे चले बचाव अभियान के बाद बचाव दल ने केतन का शव बाहर निकाला। लोनावला ग्रामीण पुलिस ने सिया के बयान के आधार पर दुर्घटना की वजह से मौत का मामला दर्ज किया था। सिया ने पुलिस को बताया था कि पहाड़ी पर स्थित किले में घूमने के दौरान केतन फिसलकर गिर गए थे।
चेतन संग प्रेम संबंधों का खुलासा
हालांकि पुणे ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह गिल ने बताया कि मौत की परिस्थितियां संदिग्ध लगने पर पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू की। उन्होंने बताया, “हमारी टीम ने वित्तीय विवादों और व्यक्तिगत संबंधों समेत अलग अलग पहलुओं की जांच की। इसी दौरान पता चला कि सिया का पुणे के कोंढवा निवासी चेतन के साथ प्रेम संबंध था।” पुलिस के मुताबिक जांच में यह भी सामने आया कि सिया केतन से शादी नहीं करना चाहती थी और उसे अपने और चेतन के रिश्ते में बाधा मानती थी। इसके बाद दोनों ने कथित तौर पर केतन को रास्ते से हटाने की साजिश रची।
जांच में यह भी पता चला कि साजिश के तहत सिया घूमने के बहाने केतन को लोहागढ़ किले पर ले गई, बाद में चेतन को भी वहां बुलाया गया और दोनों ने मिलकर केतन को खाई में धक्का दे दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। सीसीटीवी फुटेज में 33 डिग्री तापमान में हुडी पहने एक शख्स पर संदेह हुआ तब क्राइम ब्रांच ने चेतन को हिरासत में लिया। अब पूछताछ के दौरान उसने कथित रूप से स्वीकार किया है कि केतन उनके रिश्ते में बाधा बन रहा था, इसलिए उसने और सिया ने मिलकर उन्हें रास्ते से हटाने की साजिश रची।
परिवार की बदनामी का डर
पीटीआई की एक रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस ने जब चेतन से पूछा कि सिया और वो घर से भाग क्यों नहीं गए और केतन को जान से मारने की क्या जरूरत थी, इस पर चेतन चौधरी ने बताया कि सिया को परिवार की बदनामी का डर था। चेतन ने कबूल किया कि सिया सगाई तोड़ने या उसके साथ भागने के पक्ष में बिल्कुल नहीं थी। इससे उसके परिवार की बदनामी होती। पुलिस सूत्रों के मुताबिक सिया और चेतन को 29 जून तक के लिए पुलिस कस्टडी में भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है।
चेतन के पिता का अलग ही दावा
इस बीच आरोपी चेतन के पिता ने अलग ही दावा किया है। चेतन के पिता बाबूलाल चौधरी ने अपने बेटे के निर्दोष होने का दावा किया। उन्होंने आरोप लगाया कि सिया खुद को बचाने के लिए चेतन को मामले में फंसाने की कोशिश कर रही है। बाबूलाल चौधरी ने मंगलवार को एक बयान में कहा, “हमें बताया गया है कि जब यह घटना हुई, तब चेतन सिया और केतन से काफी दूर खड़ा था। मेरा बेटा ऐसा नहीं है।” उन्होंने कहा, “हमें नहीं पता कि चेतन उस दिन लोहागढ़ किले में उस जगह पर क्यों मौजूद था। उसने हमें नहीं बताया कि वह वहां क्यों गया था। मेरा बेटा इस मामले में शामिल नहीं है। वह बेगुनाह है।” उन्होंने सिया और चेतन के बीच प्रेम प्रसंग होने की जानकारी होने से भी इनकार किया।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved