
इन्दौर। राज्य सरकार द्वारा इंदौर शहर के नागरिकों को एक नई सौगात देते हुए अगले 10 दिन में 150 पीएम ई-बस का संचालन शुरू किया जा रहा है। इस बस को चलने वाली एजेंसी भी सरकार द्वारा तय कर दी गई है। इंदौर में यह बस 8 रूट पर चलेगी। हर बस के लिए हर दिन कम से कम 150 किलोमीटर चलना अनिवार्य किया गया है। यह बसें गांवों से लेकर शहरों तक की दूरी तय करेंगी।
मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव द्वारा मध्यप्रदेश में एक बार फिर सरकारी बस सेवा शुरू करने का फैसला लिया गया है। इस फैसले का क्रियान्वयन करने के लिए राज्य सरकार द्वारा प्रदेश स्तर पर एक अलग कंपनी का गठन कर दिया गया है। इस कंपनी में इस कार्य को आकार देने की जिम्मेदारी इंदौर के पूर्व कलेक्टर मनीष सिंह को सौंपी गई है। इस कंपनी द्वारा अगले महीने जुलाई से इंदौर से सरकारी बस सेवा शुरू करने की तैयारी की जा रही है। इस बस सेवा को शुरू करने के कार्य की शुरुआत पीएम ई-बस का संचालन शुरू करते हुए की जा रही है।
इंदौर सिटी बस कंपनी के कार्यकारी संचालक अर्थ जैन ने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा मध्यप्रदेश के 6 शहरों को प्रधानमंत्री ई-बस के तहत 582 बस आवंटित की गई हैं। इनमें सबसे ज्यादा 150 बस इंदौर को आवंटित की गई हैं। यह सभी बस इंदौर आ चुकी हैं। अब इन बसों का संचालन शुरू करने की तैयारी है। सरकार द्वारा ग्रीन सेल मोबिलिटी प्राइवेट लिमिटेड नामक कंपनी को बस का संचालन करने की जिम्मेदारी दी गई है। बस में सफर करने वाले नागरिकों को टिकट देने और उनसे राजस्व लेने का कार्य चलो ऐप द्वारा किया जाएगा। सरकार द्वारा यह नियम बनाया गया है कि हर ई-बस हर दिन कम से कम 180 किलोमीटर का सफर करेगी। इंदौर में जो 150 पीएम ई-बस आई हैं उनके लिए नायता मुंडला और देवास नाका पर अलग से डिपो बनाए जा रहे हैं। इस डिपो के निर्माण पर होने वाले खर्च में से 60त्न राशि केंद्र सरकार द्वारा दी जाएगी, जबकि 40त्न राशि राज्य सरकार द्वारा दी जाएगी। इंदौर में इन दोनों स्थानों पर डिपो का निर्माण चल रहा है। केंद्र सरकार की ओर से राशि आने का इंतजार किया जा रहा है। जैसे ही यह राशि आती है, वैसे ही यह काम पूरा हो जाएगा।
किस रूट पर चलेगी कितनी बस
रूट बस
महू नाका से सांवेर 50
मूसाखेड़ी से घाटाबिल्लौद 24
राऊ रंगवासा से सेमलियाचाऊ 24
रंगवासा से देपालपुर 12
हवा बंगला से सांवेर 10
भांग्या से कंपेल 10
कुमेड़ी से मेडिकैप्स 10
महू नाका से बेस्ट प्राइज 10
20 करोड़ के बनेंगे चार्जिंग स्टेशन
पीएम ई-बस योजना के तहत संचालित होने वाली बसों के लिए इंदौर में दो नए बड़े चार्जिंग स्टेशन बनाए जाएंगे। इन चार्जिंग स्टेशन के निर्माण पर 20.72 करोड़ की राशि खर्च होगी। अभी तो सिटी बस कंपनी द्वारा पीएम बस के तहत प्राप्त हुई 150 बसों का संचालन अगले 10 दिन में शुरू करने की तैयारी की जा रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved