
पुणे। पुणे (Pune) के रियल एस्टेट कारोबारी (Real estate Businessman) केतन अग्रवाल (Ketan Agarwal) मर्डर केस से जुड़े नए पहलू रोज सामने आ रहे हैं। केतन की मंगेतर सिया गोयल (Siya Goyal) और उसका प्रेमी चेतन फिलहाल पुलिस हिरासत में हैं और नए-नए खुलासे कर रहे हैं। इसी बीच मूल रूप से राजस्थान के रहने वाले चेतन चौधरी (Chetan Chaudhary) के बचपन के दोस्तों ने भी उसे लेकर नए खुलासे किए हैं। चेतन के दोस्तों का कहना है कि चेतन और सिया कई बार राजस्थान घूमने के लिए आए थे, यहां पर उसने सिया को अपने दोस्तों से भी मिलवाया था। इतना ही नहीं, दोनों मिलकर जल्दी ही शादी करने की योजना भी बना रहे थे। दोस्तों के मुताबिक चेतन खुले तौर पर इस बात को स्वीकार करता था कि राजस्थान में उसके रहने के लिए सिया अपने परिवार से पैसा लेगी।
मूलरूप से राजस्थान का रहने वाला चेतन चौधरी अपने परिवार के साथ पुणे आया था। यहां पर उसके पिता की ड्राइ फ्रूट्स की दुकान है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सिया के पिता और चेतन के पिता की दुकानें नजदीक ही हैं। ऐसे में क्रिकेट में चेतन की दिलचस्पी की वजह से उसकी और सिया के भाई की दोस्ती हो गई। इस दोस्ती की वजह से वह सिया की जान पहचान में भी आ गया। पहले दोस्ती के साथ शुरू हुआ चेतन और सिया का रिश्ता जल्दी ही प्रेम संबंध में बदल गया। इसके बाद वह दोनों अलग-अलग जगह साथ घूमने भी जाने लगे। इसी क्रम में चेतन सिया को लेकर कई बार राजस्थान भी गया था।
जोधपुर या उदयपुर में बसने का था प्लान
एक रिपोर्ट के मुताबिक, राजस्थान के जोधपुर के रहने वाले चेतन चौधरी के दोस्तों को मुताबिक, सिया कई बार चेतन के साथ राजस्थान घूमने के लिए आई थी। इसी दौरान उन्होंने उससे मुलाकात की थी। चेतन और सिया आपस में काफी करीब थे, और जल्दी ही शादी करने की बातें करते थे। दोस्तों ने बताया, कि चेतन इस दौरान खुले तौर पर कहता था कि वह सिया से शादी करने के बाद जोधपुर या उदयपुर में रहने लगेगा। इसमें जितना भी खर्चा आएगा वह सिया अपने परिवार से लेकर आएगी।
बता दें, अभी कुछ रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया है कि शादी के पहले सिया ने केतन से कुछ रुपए भी लिए थे, जो उसने अपने प्रेमी चेतन को दे दिए थे। हालांकि, इस दावे की अभी तक पुष्टि नहीं हो पाई है।
क्रिकेट मैच देखते दिखे थे चेतन और सिया
केतन अग्रवाल हत्याकांड के बाद मीडिया में छाए चेतन और सिया की कई वीडियो सोशल मीडिया साइट पर वायरल हो रही हैं। इसी क्रम पुणे के एक लोकल क्लब टूर्नामेंट का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है। इस वीडियो में चेतन और सिया एक साथ बैठे हुए नजर आ रहे हैं। इस दौरान सिया बार-बार चेतन को ऊपर झुकती हुई दिख रही है, जिससे दोनों के बीच में नजदीकी का पता चलता है। हालांकि, सिया के परिवार का कहना है कि उन्हें चेतन के बारे में ज्यादा कोई जानकारी नहीं थी और न ही उन्हें इस बात का पता था कि उनकी बेटी उसके साथ रिश्ते में हैं। वहीं, सिया के भाई का कहना है कि उन्हें चेतन के साथ सिया के रिश्ते के बारे में पता नहीं था।
सिया की सगाई के बाद चेतन के साथ 2000 से ज्यादा फोन कॉल्स
चेतन और सिया के इस प्रेम प्रसंग का मामला उस वक्त उजागर हुआ था, जब पुलिस ने केतन के परिवार के शक के आधार पर लोहगढ़ फोर्ट की सीसीटीवी की जांच करनी शुरू की थी। इस जांच के दौरान ही पुलिस ने पहली बार चेतन को हुडी पहने हुए देखा था। थोड़ी खोजबीन करने के बाद पुलिस को चेतन के बारे में जानकारी मिल गई और जल्दी ही पुलिस ने सिया की कॉल डिटेल्स के आधार पर चेतन चौधरी को गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस के मुताबिक सिया की सगाई से लेकर हत्या के दिन सुबह 7 बजे तक चेतन और सिया के बीच करीब 2004 फोन कॉल्स हुए थे। इसमें करीब 238 घंटे बातचीत हुई थी। यह इस बात का सबूत है कि सगाई होने के बाद भी सिया चेतन चौधरी के साथ रिश्ते में बनी हुई थी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved