
जबलपुर। जबलपुर नगर निगम में जन्म प्रमाण-पत्रों में नाम, पता, पिनकोड और स्पेलिंग जैसी जरूरी जानकारी सुधारने का काम पूरी तरह से ठप पड़ा है। इस बड़ी तकनीकी गड़बड़ी के कारण नागरिक पिछले कई दिनों से परेशान हैं। सिविल रजिस्ट्रेशन सिस्टम यानी सीआएस पोर्टल पर नए जन्म पंजीकरण तो हो रहे हैं, लेकिन पुराने प्रमाण-पत्रों में किसी भी प्रकार का संशोधन संभव नहीं हो पा रहा है। शहर के सभी 16 जोनों में 8 हजार से अधिक आवेदन लंबित हैं, जिससे आवेदकों को रोजाना जोनल कार्यालयों और निगम मुख्यालय के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। स्थिति यह है कि जोन क्रमांक 13 में सबसे अधिक लगभग 4 हजार आवेदन अटके हुए हैं। जन्म-मृत्यु शाखा के नोडल अधिकारी अभिनव मिश्रा ने पोर्टल में आई इस तकनीकी बाधा को स्वीकार करते हुए इसे जल्द ठीक कराने का आश्वासन दिया है।
स्टाफ नहीं दे पा रहा जवाब
नगर निगम के सभी 16 जोनों में जन्म प्रमाण-पत्रों को लेकर भारी अव्यवस्था व्याप्त है। पोर्टल में आ रही तकनीकी खराबी के चलते नाम और पते की त्रुटियों को सुधारने का काम पूरी तरह रुक गया है। इससे परेशान होकर लोग जोनल दफ्तरों में पहुंच रहे हैं, लेकिन कर्मचारियों के पास कोई स्पष्ट जवाब नहीं है। नागरिक अपनी स्पेलिंग की गलतियां ठीक करवाने के लिए दर-दर भटकने को मजबूर हैं। सरकारी कामकाज और निजी दस्तावेजों में नाम सही न होने से लोगों को अन्य दफ्तरों में भी खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। पोर्टल की यह समस्या आम आदमी के लिए बड़ी मुसीबत बन गई है।
जल्दी किया जाएगा सुधार:नगर निगम
प्रशासनिक लापरवाही और पोर्टल की खराबी पर अब विभाग की प्रतिक्रिया सामने आई है। नोडल अधिकारी अभिनव मिश्रा ने स्पष्ट किया है कि पोर्टल के काम न करने की जानकारी उन्हें है। उन्होंने इस तकनीकी समस्या की जांच करने और इसे जल्द दुरुस्त कराने की बात कही है। प्रयास जारी हैं। जब तक पोर्टल पूरी तरह से अपडेट नहीं हो जाता, तब तक आवेदकों को निगम के चक्कर काटने पड़ेंगे। नगर निगम की इस तकनीकी विफलता के कारण शहर में जन्म प्रमाण-पत्र से जुड़े काम पूरी तरह ठप हो गए हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved