
इंदौर। इंदौर के खजराना थाना क्षेत्र में पिछले दिनों हुई चाकूबाजी की वारदात में घायल ठेकेदार शाहनवाज उर्फ शानू की इलाज के दौरान मौत हो गई। बॉम्बे हॉस्पिटल में कई दिनों से उनका उपचार चल रहा था। अब पुलिस हत्या के प्रयास के दर्ज मामले को हत्या की धारा में परिवर्तित करने की कार्रवाई कर रही है।
दरअसल इंदौर के खजराना थाना क्षेत्र के ताजिम नगर में पुरानी रंजिश के चलते हुई चाकूबाजी की घटना ने अब हत्या का रूप ले लिया है। वारदात में गंभीर रूप से घायल ठेकेदार शाहनवाज उर्फ शानू का इलाज बॉम्बे हॉस्पिटल में चल रहा था, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद खजराना पुलिस ने आरोपी आरिफ बरकती के खिलाफ हत्या के प्रयास का प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया था।
पुलिस जांच में सामने आया था कि दोनों के बीच पुराना विवाद चल रहा था, जिसके चलते आरोपी ने शानू पर चाकू से जानलेवा हमला किया। वही यह पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई थी, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान कर त्वरित कार्रवाई की थी। अब घायल की मौत के बाद पुलिस हत्या के प्रयास के मामले को हत्या की धाराओं में परिवर्तित कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। मामले की जांच जारी है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved