
इंदौर। इंदौर में बीजेपी मंडल अध्यक्ष के जन्मदिन समारोह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में बुलेट मोटरसाइकिल से लगातार पटाखे फोड़े जाते दिखाई दे रहे हैं। घटना को लेकर स्थानीय लोगों ने शोर-शराबे और ध्वनि प्रदूषण की शिकायत की है। अब सवाल उठ रहे हैं कि क्या मामले में पुलिस कार्रवाई करेगी?
दरअसल इंदौर में सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा यह वीडियो विधानसभा-2 के वार्ड क्रमांक 33 और 29 के बीजेपी मंडल अध्यक्ष पृथ्वी गोरे के जन्मदिन समारोह का बताया जा रहा है। वीडियो में उनके समर्थक रॉयल एनफील्ड बुलेट मोटरसाइकिल से करीब 10 से 15 मिनट तक लगातार पटाखे फोड़ते नजर आ रहे हैं। इस दौरान ढोल-नगाड़ों के साथ जश्न भी मनाया गया।
स्थानीय रहवासियों का आरोप है कि तेज आवाज और लगातार पटाखे फूटने से पूरी कॉलोनी में काफी देर तक शोर-शराबा रहा, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वायरल वीडियो के बाद ध्वनि प्रदूषण और यातायात नियमों के पालन को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। हालांकि, वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। वहीं, अब यह देखना होगा कि हीरा नगर थाना पुलिस वायरल वीडियो की जांच कर नियमों के उल्लंघन पर कोई कार्रवाई करती है या मामला केवल सोशल मीडिया तक ही सीमित रह जाता है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved