
– गौतमपुरा में सबसे ज्यादा 3.4 इंच बरसात, जिले में औसतन 1.1 इंच बारिश दर्ज
– लगातार दूसरे दिन मेहरबान रहे बादल, आज भी अच्छी बारिश की उम्मीद
इंदौर। इंदौर (Indore) में मंगलवार सुबह से शुरू हुई बारिश (Rain) का दौर देर रात तक जारी रहा। कहीं रुक-रुककर तो कहीं तेज बारिश हुई। जिले में सबसे ज्यादा गौतमपुरा (Gautampura) में 3.4 इंच पानी बरसा, जबकि इंदौर शहर में 0.7 इंच बारिश दर्ज की गई। लगातार दूसरे दिन हुई अच्छी बारिश से मौसम सुहावना हो गया है और तापमान में भी गिरावट आई है। मौसम विभाग ने आज भी अच्छी बारिश की संभावना जताई है।
विमानतल स्थित मौसम केंद्र के अनुसार कल सुबह से आज सुबह 8.30 बजे के बीच इंदौर में 17.8 मिमी (0.7 इंच) बारिश दर्ज की गई। इस दौरान महू में 0.2 इंच, सांवेर में 0.9 इंच, देपालपुर में 1.1 इंच, गौतमपुरा में 3.4 इंच और हातोद में 0.4 इंच बारिश दर्ज की गई। जिले में औसतन 1.1 इंच वर्षा दर्ज की गई। दिनभर बादल और बारिश के कारण तापमान में भी कमी दर्ज की गई। कल दिन का अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री रहा, जो सामान्य से 2 डिग्री और परसों की अपेक्षा 3.6 डिग्री कम था, वहीं रात से सुबह के बीच न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री रहा, जो सामान्य लेकिन कल की अपेक्षा 0.8 डिग्री कम था। इस दौरान हवाओं की दिशा पश्चिमी रही और अधिकतम रफ्तार 19 किलोमीटर प्रतिघंटे तक पहुंची।
गौतमपुरा में 22 इंच से ज्यादा बारिश
जिले में 1 जून से अब तक औसतन 13.9 इंच पानी गिर चुका है। सबसे अधिक गौतमपुरा में 22.7 इंच, जबकि देपालपुर में 15.4 इंच, इंदौर में 12.9 इंच, सांवेर में 12.8 इंच, हातोद में 9.9 इंच और महू में 9.6 इंच बारिश रिकॉर्ड की गई है।
आगे भी जारी रहेगा तेज बारिश का दौर
मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से लगातार नमी मिलने के कारण प्रदेश में मानसून सक्रिय बना हुआ है। इसके असर से इंदौर और आसपास के क्षेत्रों में आज और आने वाले दिनों में भी अच्छी बारिश का दौर जारी रहने की पूरी संभावना है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved