वॉशिंगटन। अमेरिका के वॉशिंगटन (Washington) राज्य में रहने वाले भारत के एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर (software Engineer) को अपनी पत्नी की कथित हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। जांच एजेंसियों के अनुसार, करीब नौ महीने पहले हुई इस घटना में आरोपी ने अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या की और बाद में सबूतों को भटकाने की कोशिश की। पुलिस का दावा है कि जांच के दौरान मिले डिजिटल साक्ष्यों और अन्य प्रमाणों के आधार पर कार्रवाई की गई है।
जांच के मुताबिक, तेलंगाना निवासी 30 वर्षीय अविनाश नार्ने अपनी 27 वर्षीय पत्नी राजिता सबिनेनी के साथ वॉशिंगटन राज्य के बेलव्यू शहर में रहते थे। अक्टूबर 2025 में राजिता अपने अपार्टमेंट के बाथरूम में मृत मिली थीं। उस समय घटना को लेकर कई सवाल उठे थे, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण गला घोंटने से दम घुटना बताया गया, जिसके बाद मामले को हत्या के रूप में दर्ज किया गया।
अभियोजन पक्ष का आरोप है कि अविनाश का भारत में रहने वाली एक महिला के साथ पहले से संबंध था, जो शादी के बाद भी जारी रहा। जांच में यह भी सामने आया कि कथित प्रेमिका दंपती की शादी में शामिल हुई थी और दोनों के बीच लगातार संपर्क बना हुआ था। पुलिस का कहना है कि यही संबंध हत्या के संभावित मकसद के रूप में सामने आया।
स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, जांच के दौरान यह जानकारी सामने आई कि पत्नी की मौत के अगले दिन आरोपी ने कथित प्रेमिका को मृतका की तस्वीर भेजी थी। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपी ने तस्वीर भेजने की बात स्वीकार की। जांच एजेंसियों के अनुसार, यह घटना उनके बीच हुई बातचीत और डिजिटल रिकॉर्ड का भी हिस्सा है।
घटना वाली रात पुलिस को स्वयं अविनाश ने फोन कर बताया था कि उनकी पत्नी बाथरूम में बंद हैं और कोई प्रतिक्रिया नहीं दे रही हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर राजिता को अचेत अवस्था में पाया और उन्हें मृत घोषित कर दिया।
शुरुआत में आरोपी ने दावा किया कि वह कुछ समय के लिए घर से बाहर गया था और लौटने पर पत्नी को बाथरूम में बंद पाया। हालांकि, जांच में अपार्टमेंट के स्मार्ट-लॉक सिस्टम, सुरक्षा रिकॉर्ड और अन्य डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया। पुलिस के अनुसार, इन रिकॉर्ड से यह स्पष्ट हुआ कि आरोपी के बाहर रहने के दौरान कोई अन्य व्यक्ति घर में दाखिल नहीं हुआ था। इसके बाद किसी बाहरी हमलावर की आशंका लगभग खत्म हो गई।
जांच एजेंसियों ने आरोपी के कॉल रिकॉर्ड और इलेक्ट्रॉनिक गतिविधियों की भी पड़ताल की। अधिकारियों का कहना है कि घटना वाले दिन उसने कथित प्रेमिका से कई बार बातचीत की थी। अभियोजन पक्ष का दावा है कि यही डिजिटल साक्ष्य और अन्य परिस्थितिजन्य प्रमाण आरोपी के खिलाफ मजबूत आधार बने।
फिलहाल आरोपी अमेरिकी पुलिस की हिरासत में है। उस पर 50 लाख अमेरिकी डॉलर की जमानत तय की गई है। यदि अदालत उसे दोषी ठहराती है, तो वॉशिंगटन राज्य के कानून के तहत उसे आजीवन कारावास की सजा हो सकती है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved