
15 जुलाई को टर्मिनल-1 से हरी झंडी दिखाकर करेंगे रवाना, तैयारियों के लिए एयर इंडिया एक्सप्रेस के वरिष्ठ अधिकारी आज आएंगे इंदौर
इंदौर। इंदौर (Indore) से पहली बार शुरू होने जा रही अबुधाबी (Abu Dhabi) की सीधी उड़ान (Direct flight) का शुभारंभ 15 जुलाई को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव (Dr. Mohan Yadav) करेंगे। देवी अहिल्याबाई होलकर विमानतल की टर्मिनल-1 बिल्डिंग में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पहली उड़ान को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इस कार्यक्रम के लिए एयर इंडिया एक्सप्रेस के वरिष्ठ अधिकारी आज दिल्ली से इंदौर आ रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि एयर इंडिया एक्सप्रेस द्वारा पहले इंदौर से शारजाह के बीच सीधी उड़ान का संचालन किया जाता था, लेकिन अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच हुए युद्ध के कारण 28 फरवरी से कंपनी ने इस फ्लाइट को बंद कर दिया था। इसके बाद कई बार इस फ्लाइट को दोबारा शुरू करने की घोषणा की गई, लेकिन हर बार ये आगे बढ़ती रही। कुछ समय पहले कंपनी ने इस फ्लाइट को बंद करने की घोषणा के साथ सिस्टम से हटा दिया। वहीं अगले ही दिन शारजाह के बजाय इंदौर से अबूधाबी की फ्लाइट शुरू करने की घोषणा की। यह फ्लाइट 15 जुलाई से शुरू होने जा रही है। इंदौर से पहली बार अबुधाबी के लिए शुरू हो रही इस फ्लाइट को लेकर यात्रियों में उत्साह है। इसे ही देखते हुए एयरलाइंस इसकी शुरुआत पर कार्यक्रम आयोजित करने जा रही है और मुख्यमंत्री खुद इस कार्यक्रम में शामिल होकर विमान को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इस नई सेवा के शुरू होने से इंदौर का संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से सीधा हवाई संपर्क फिर से बहाल हो जाएगा। इसका लाभ बड़ी संख्या में प्रवासी भारतीयों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और पर्यटकों को मिलेगा।
सप्ताह में चार दिन होगा संचालन
ट्रेवल एजेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के प्रदेश अध्यक्ष अमोल कटारिया ने बताया कि यह फ्लाइट सप्ताह में चार दिन रविवार, सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को संचालित होगी। एयरलाइन ने शुरुआती किराया करीब 13 से 14 हजार रुपए रखा है। सीधी उड़ान होने से यात्रियों का समय और खर्च दोनों कम होंगे।
यह होगा शेड्यूल
इंदौर-अबुधाबी आईएक्स-247
यह फ्लाइट सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को इंदौर से शाम 7.50 बजे रवाना होकर यूएई के स्थानीय समयानुसार रात 9.35 बजे अबुधाबी पहुंचेगी। रविवार को यह उड़ान एक घंटे देरी से संचालित होगी। यात्रा का समय करीब सवा तीन घंटे रहेगा।
अबुधाबी-इंदौर, आईएक्स-247
यह फ्लाइट सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को यूएई के स्थानीय समयानुसार रात 10.35 बजे रवाना होकर भारतीय समयानुसार देर रात 3.20 बजे इंदौर पहुंचेगी। रविवार को यह उड़ान भी एक घंटे देरी से संचालित होगी। यात्रा का समय करीब सवा तीन घंटे रहेगा।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved