
नई दिल्ली। भारत और अमेरिका (India and America) के बीच प्रस्तावित ट्रेड डील (Trade Deal) को लेकर चल रही अटकलों पर अब अमेरिकी पक्ष की ओर से सफाई सामने आई है। भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर (Ambassador Sergio Gor) ने उन खबरों को खारिज कर दिया है, जिनमें दावा किया जा रहा था कि दोनों देशों के बीच व्यापार समझौता रुक गया है या किसी पक्ष ने इसे अस्वीकार कर दिया है।
सर्जियो गोर ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि दोनों देशों के बीच बातचीत सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ रही है और किसी भी पक्ष ने समझौते से पीछे हटने का फैसला नहीं किया है। उन्होंने ऐसी खबरों को ‘फेक न्यूज’ बताया।
सर्जियो गोर ने क्या कहा?
अमेरिकी राजदूत ने एक्स पर लिखा, “फेक न्यूज अलर्ट! किसी ने कुछ भी रिजेक्ट नहीं किया है।” उन्होंने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच बैठकें बेहद सकारात्मक माहौल में हो रही हैं और दोनों पक्ष ट्रेड डील को अंतिम रूप देने की प्रतिबद्धता पर कायम हैं। उन्होंने यह भी कहा कि दोनों देश इस दिशा में पूरी सक्रियता के साथ काम कर रहे हैं। अपनी पोस्ट में उन्होंने एक मीडिया एजेंसी की रिपोर्ट पर टिप्पणी करते हुए लिखा कि इससे बेहतर किया जा सकता था।
भारत सरकार ने भी खबरों को बताया गलत
भारत सरकार की ओर से भी ट्रेड डील में देरी या पीछे हटने संबंधी खबरों को खारिज किया गया है। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने इन दावों को झूठा, आधारहीन और भ्रामक बताया। गोयल ने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच व्यापार वार्ता लगातार जारी है और समझौते की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। उन्होंने उन दावों को भी खारिज किया, जिनमें कहा गया था कि भारत ने समझौते से दूरी बना ली है या जानबूझकर इसमें देरी कर रहा है।
Fake news alert! No one has rejected anything. Both sides had very constructive meetings and reaffirmed their commitment to finalizing a trade deal. We continue to stay actively engaged.
Reuters – you can do better! https://t.co/7LARDhhtCg— Ambassador Sergio Gor (@USAmbIndia) July 13, 2026
क्या था रिपोर्ट में दावा?
हाल ही में एक रिपोर्ट में दावा किया गया था कि भारत और अमेरिका बेहतर शर्तों की तलाश में ट्रेड डील को आगे नहीं बढ़ा पा रहे हैं। रिपोर्ट में कहा गया था कि भारत नए व्यापारिक साझेदारों को लेकर सतर्क है और आर्थिक जोखिमों को कम करने की कोशिश कर रहा है। रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया था कि अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जेसन ग्रीयर के भारत दौरे के दौरान अंतरिम समझौते की शर्तों को अंतिम रूप नहीं दिया जा सका।
इन मुद्दों पर बनी थी सहमति की चुनौती
रिपोर्ट के अनुसार, एक भारतीय अधिकारी ने दावा किया था कि अमेरिका की ओर से दो अहम मुद्दों पर पर्याप्त आश्वासन नहीं मिला है। इनमें चीन जैसे प्रतिस्पर्धी देशों के मुकाबले टैरिफ लाभ और समझौते के बाद नए अमेरिकी शुल्कों से सुरक्षा जैसे विषय शामिल थे।
रिपोर्ट में यह भी कहा गया था कि भारत किसी ऐसे समझौते में जल्दबाजी नहीं करना चाहता, जो उसके हितों के अनुकूल न हो। खासतौर पर कृषि जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में भारत सावधानी बरत रहा है। फिलहाल दोनों देशों की ओर से दिए गए बयानों के बाद यह स्पष्ट किया गया है कि ट्रेड डील पर बातचीत जारी है और समझौते को लेकर दोनों पक्ष प्रतिबद्ध हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved