
नई दिल्ली। भारत और ब्रिटेन (India and Britain) के बीच हुआ फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) बुधवार, 15 जुलाई 2026 से लागू हो गया है। इस समझौते के प्रभाव में आने के बाद दोनों देशों के बीच आयात-निर्यात पर लगने वाले शुल्क में बड़ी कटौती होगी। इसका सीधा असर उपभोक्ताओं पर पड़ेगा और ब्रिटेन (Britain) से आने वाले कई उत्पाद (Product) पहले की तुलना में सस्ते हो सकते हैं।
इस व्यापार समझौते के तहत ब्रिटेन की स्कॉच व्हिस्की, लग्जरी कारों और ब्यूटी प्रोडक्ट्स समेत कई वस्तुओं पर टैरिफ कम किया जाएगा। वहीं भारत से ब्रिटेन जाने वाले सामानों को भी बड़ी राहत मिलेगी।
स्कॉच व्हिस्की पर 150% से घटकर 40% तक आएगी ड्यूटी
विदेश व्यापार महानिदेशालय (DGFT) की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, भारत-UK FTA लागू होने के बाद ब्रिटेन के स्कॉच व्हिस्की उद्योग को बड़ा लाभ मिलेगा। फिलहाल भारत में स्कॉच व्हिस्की पर 150 प्रतिशत तक आयात शुल्क लगाया जाता है। नए समझौते के तहत इसे चरणबद्ध तरीके से घटाकर 40 प्रतिशत तक लाया जाएगा। यानी समय के साथ स्कॉच व्हिस्की की कीमतों में करीब 110 प्रतिशत तक की कमी आ सकती है।
लैंड रोवर, जगुआर और रोल्स रॉयस जैसी कारें होंगी सस्ती
FTA के तहत ऑटोमोबाइल सेक्टर में भी बड़ा बदलाव किया गया है। कोटा व्यवस्था के तहत ब्रिटेन से आने वाली कारों पर आयात शुल्क 100 प्रतिशत से घटाकर 10 प्रतिशत तक किया जाएगा। इससे ब्रिटेन की लग्जरी कार कंपनियों जैसे लैंड रोवर, जगुआर, रोल्स रॉयस, एस्टन मार्टिन और डिफेंडर की गाड़ियां भारतीय बाजार में पहले से कम कीमत पर उपलब्ध हो सकती हैं।
समझौते के अनुसार, पहले साल में 20,000 कारों को कम ड्यूटी पर आयात किया जा सकेगा। इनमें 3000cc से अधिक पेट्रोल इंजन और 2500cc से अधिक डीजल इंजन वाली 10,000 कारें शामिल होंगी। इन पर कस्टम ड्यूटी 110 प्रतिशत से घटाकर 30 प्रतिशत की जाएगी।
वहीं 1500cc से 3000cc तक की 5,000 कारों पर आयात शुल्क 66 प्रतिशत से घटाकर 50 प्रतिशत किया जाएगा। बाद के वर्षों में इसे धीरे-धीरे कम किया जाएगा और 15 साल बाद ड्यूटी को घटाकर 10 प्रतिशत तक लाने का लक्ष्य है।
ब्यूटी प्रोडक्ट्स समेत कई सामानों पर टैरिफ में राहत
समझौते के तहत ब्यूटी प्रोडक्ट्स सहित कई अन्य ब्रिटिश उत्पादों पर लगने वाले 22 प्रतिशत तक के टैरिफ को या तो तुरंत खत्म किया जाएगा या फिर अगले 10 वर्षों के दौरान चरणबद्ध तरीके से समाप्त किया जाएगा।
भारतीय सामानों को UK में मिलेगा ड्यूटी फ्री फायदा
भारत-UK FTA का लाभ भारतीय निर्यातकों को भी मिलेगा। इस समझौते के तहत भारत के 99 प्रतिशत उत्पाद ब्रिटेन में शून्य शुल्क (0%) के दायरे में आ जाएंगे। इसमें कपड़े, जूते और कई खाद्य उत्पाद शामिल हैं। अभी ब्रिटेन में टेक्सटाइल गारमेंट पर 12 प्रतिशत, केमिकल्स पर 8 प्रतिशत और बेस मेटल्स पर 10 प्रतिशत तक की ड्यूटी लगती है, लेकिन नई व्यवस्था के बाद इन क्षेत्रों को बड़ी राहत मिलेगी।
अर्थव्यवस्था को मिलेगा बढ़ावा
ब्रिटिश सरकार के अनुमान के मुताबिक, भारत के साथ इस फ्री ट्रेड एग्रीमेंट से ब्रिटेन की अर्थव्यवस्था में 4.8 अरब पाउंड की बढ़ोतरी हो सकती है। वहीं वास्तविक वेतन में 2.2 अरब पाउंड तक का इजाफा होने का अनुमान जताया गया है। लंदन इस समझौते को भारत के साथ अब तक हुए सबसे बड़े व्यापक व्यापार समझौतों में से एक बता रहा है। दोनों देशों को उम्मीद है कि यह डील व्यापार, निवेश और आर्थिक सहयोग को नई गति देगी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved