
इंदौर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कल इंदौर के आयोजनों में शामिल हुए और सोशल मीडिया इनफ्लूएंसर से भी चर्चा की। इसमें उन्होंने यह जानकारी दी कि प्रदेश के 19 धार्मिक शहरों में शराबबंदी लागू की ही गई। दूसरी तरफ दूध के उत्पादन में भी वृद्धि हुई है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आव्हान पर प्रदेशभर में एक बगिया माँ के नाम भी लगाई गई, जिसमें पालक-कद्दू सहित कई तरह की सब्जियों की खेती हो रही है। किसान आत्मनिर्भर भी बने। कल सम्मेलन में आए युवा कृषक और इनफ्लूएंसर कपिल ने उक्त जानकारी दी।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कृषिगत कार्यों से जुड़े विषयों पर प्रेरक विषयवस्तु बनाने वाले युवा इन्फ्लुएंसर्स से आत्मीय व प्रेरक संवाद किया। उन्होंने युवा इन्फ्लुएंसर्स के प्रश्न का जवाब देते हुए कहा कि फसल चक्र में बदलाव करते रहे ताकि मिट्टी उर्वरा बनी रहे। वहीं अल्पवर्षा की स्थिति में किसानों को नुकसान नहीं हो। इसके लिये किसान कम अवधि की फसलों की बुवाई करें। उन्होंने प्रदेश भर से आये सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स को आव्हान किया कि वे राज्य शासन द्वारा चलायी जा रही योजनाओं पर केन्द्रीत रील्स बनायें, ताकि किसानों को योजनाओं का लाभ मिल सके। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेश में पशुपालन को बढ़ावा देने तथा सडक़ों पर वृद्ध व लावारिस गौवंश से उन्नत नस्ल के बछड़े तैयार करने की योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे प्रदेश में इन दोनों समस्या से मुक्ति मिलेगी।
हिरण्य गर्भा योजना के तहत प्रदेश में उन्नत नस्ल से दुग्ध उत्पादन में भी वृद्धि होगी। साथ ही उन्होंने कहा कि प्रदेश में रासायनिक उर्वरकों की कोई कमी नहीं हैं। किसानों को उसकी फसल के आधार पर पर्याप्त उर्वरक उपलब्ध कराया जा रहा है। प्रदेश में उर्वरक वितरण के लिये नया डिजीटल फार्मूला तैयार किया गया है। जिससे उर्वरकों की कालाबाजारी पर नियंत्रण किया जा रहा है। इसके अलावा किसानों को उनकी भूमि की उपलब्धता के आधार पर आवश्यकता अनुसार पर्याप्त उर्वरक प्रदान किया जा रहा है। डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश में नशे की पाबंदी को लेकर कहा कि नशा नाश की जड़ है। नशे से कई परिवार तबाह हुए है। प्रदेश में कहीं भी नशे का अवैध कारोबार नहीं होने दिया जायेगा। ऐसे लोगों के खिलाफ राज्य शासन द्वारा कड़ी कानूनी कार्रवाई की जायेगी।
आज भारत टैक्स में निवेशकों से वन-टू-वन चर्चा
आज मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव नई दिल्ली के भारत मण्डपम् में आयोजित भारत टैक्स में वन-टू-वन चर्चा निवेशकों, उद्यमियों से करेंगे। इसमें मध्यप्रदेश में टैक्सटाइल, गारमेंट्स सहित निवेश और निर्यात की संभावनाएं, वैश्विक प्रतिस्पर्धा, लॉजिस्टिक सहित कौशल विकास जैसे विषयों पर चर्चा की जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव दो दिवसीय फेथ कॉन्क्लेव 2026 में भी सम्मिलित होंगे। फेडरेशन ऑफ एसोसिएशंस इन इंडियन टूरिज्म एंड हॉस्पिटैलिटी द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य विषय अतुल्य भारत: अमूल्य अर्थशास्त्र है। यह कॉन्क्लेव 16 और 17 जुलाई 2026 को देश के नीति निर्माताओं और उद्योग जगत के शीर्ष नेतृत्व को एक साझा मंच प्रदान करेगा। कॉन्क्लेव का मुख्य उद्देश्य पर्यटन के माध्यम से आर्थिक विकास, रोजगार सृजन और क्षेत्रीय उन्नति को गति देना है। कार्यक्रम के दौरान देश में यात्रा और पर्यटन के अवसरों को बढ़ाने के लिए टूरिज्म ग्रोथ चार्टर के तहत एक समयबद्ध कार्ययोजना का प्रस्ताव रखा जाएगा।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved