img-fluid

कटोरी पंचायत में 1.28 करोड़ का गबन उजागर!

July 16, 2026

  • जांच रिपोर्ट के बाद भी कार्रवाई ठंडी, शहपुरा एसडीएम की जांच में फर्जी फर्मों को भुगतान, अधूरे कामों पर करोड़ों की निकासी का खुलासा

जबलपुर। शहपुरा विकासखंड की ग्राम पंचायत कटोरी में विकास कार्यों के नाम पर करोड़ों रुपये की वित्तीय अनियमितताओं का मामला सामने आने के बाद प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं दंडाधिकारी शहपुरा द्वारा कलेक्टर को सौंपी गई जांच रिपोर्ट में पंचायत में करीब 1.28 करोड़ रुपये के कथित गबन, फर्जी फर्मों के जरिए भुगतान और पंचायत अधिनियम के उल्लंघन का उल्लेख किया गया है। इसके बावजूद रिपोर्ट सौंपे जाने के करीब डेढ़ माह बाद भी किसी जिम्मेदार पर कार्रवाई नहीं होने से पूरे मामले पर सवाल उठ रहे हैं।


  • 2.26 करोड़ स्वीकृत, मौके पर मिले सिर्फ 98.93 लाख के काम
    एसडीएम मदन रघुवंशी की जांच रिपोर्ट के अनुसार ग्राम पंचायत कटोरी में विभिन्न विकास कार्यों के लिए लगभग 2 करोड़ 26 लाख रुपये स्वीकृत किए गए थे। लेकिन भौतिक सत्यापन के दौरान केवल 98 लाख 93 हजार रुपये के कार्य ही मौके पर पूर्ण पाए गए। रिपोर्ट में उल्लेख है कि कई पुराने निर्माण कार्यों को नया बताकर भुगतान किया गया। जांच में करीब 1 करोड़ 28 लाख 2 हजार रुपये के सरकारी धन के कथित गबन और 44 लाख 69 हजार 600 रुपये के संदिग्ध भुगतान का उल्लेख किया गया है।

    निगरानी करने वाले अफसर भी सवालों के घेरे में
    एसडीएम की रिपोर्ट में केवल पंचायत प्रतिनिधियों की भूमिका ही नहीं, बल्कि जनपद पंचायत स्तर पर निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठाए गए हैं। रिपोर्ट में उल्लेख किया गया है कि संबंधित अधिकारियों द्वारा समय पर निरीक्षण और मॉनिटरिंग नहीं किए जाने के कारण वित्तीय अनियमितताओं को बढ़ावा मिला। सूत्रों के अनुसार, शिकायतें पहले भी की गई थीं, लेकिन जिन अधिकारियों पर जांच और निगरानी की जिम्मेदारी थी, उन्होंने न तो प्रभावी जांच की और न ही समय पर मौके का निरीक्षण किया।

    रिपोर्ट में कार्रवाई की सिफारिश, लेकिन फाइल अब भी शांत
    एसडीएम ने अपनी रिपोर्ट में दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध आपराधिक प्रकरण दर्ज करने और विभागीय कार्रवाई की अनुशंसा की है। हालांकि रिपोर्ट कलेक्टर कार्यालय पहुंचने के करीब डेढ़ माह बाद भी किसी प्रकार की कार्रवाई सामने नहीं आई है।

    फर्जी फर्मों से निकला सरकारी पैसा
    जांच रिपोर्ट में दावा किया गया है कि पंचायत से जुड़े लोगों के नाम या उनके रिश्तेदारों के नाम पर फर्में बनाकर भुगतान किया गया। इन फर्मों के माध्यम से कथित रूप से फर्जी बिलों के आधार पर सरकारी राशि निकाली गई। रिपोर्ट में जिन फर्मों का उल्लेख है, उनमें आशीष ट्रेडर्स, पटेल ट्रेडर्स, आरती लोधी ट्रेडर्स, मालगुजार कॉर्पोरेशन ट्रेडर्स, पुरुषोत्तम ट्रेडर्स, देव ट्रेडर्स, इशारिया ट्रेडर्स, राकेश ट्रेडर्स, सचिन विश्वकर्मा ट्रेडर्स, राजकुमार ठाकुर ट्रेडर्स, कमलेश ट्रेडर्स और शिवम कुमार ट्रेडर्स शामिल हैं।

    बीमार सचिव के मोबाइल से हुए भुगतान?
    जांच में एक और गंभीर तथ्य सामने आया है। रिपोर्ट के अनुसार पंचायत सचिव लंबे समय से गंभीर बीमारी से ग्रस्त हैं, लेकिन उनके मोबाइल नंबर पर आने वाले ओटीपी का उपयोग कर भुगतान किए जाने के आरोप दर्ज किए गए हैं। यदि यह तथ्य सही पाया जाता है तो यह पूरे भुगतान सिस्टम की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़ा करता है।भौतिक निरीक्षण के दौरान कई निर्माण कार्य, विशेषकर कुओं के निर्माण में भी अनियमितताएं दर्ज की गईं। तो अधूरे मिले या फिर रिकॉर्ड में दर्शाए गए कार्यों से मेल नहीं खाते।

    कलेक्टर को सौंपी रिपोर्ट
    शहपुरा एसडीएम मदन रघुवंशी ने बताया कि ग्राम पंचायत कटोरी में वित्तीय अनियमितताओं की जांच कर रिपोर्ट कलेक्टर को सौंप दी गई है। जांच में सरपंच आरती लोधी सहित अन्य जिम्मेदार व्यक्तियों पर सरकारी राशि के कथित गबन, फर्जी फर्मों के माध्यम से भुगतान और पंचायत अधिनियम के उल्लंघन के तथ्य सामने आए हैं।

    Share:

  • नशा व्यक्ति, परिवार और समाज को करता है बर्बाद

    Thu Jul 16 , 2026
    जन जागरुकता अभियान नशे से दूरी है जरूरी 2.0 का भव्य शुभारंभ जबलपुर। समाज को नशा मुक्त बनाने के संकल्प के साथ मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा ‘सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभागÓ के सहयोग से संचालित जन-जागरूकता अभियान ‘नशे से दूरी है जरूरी 2.0Ó का भव्य शुभारंभ भंवरताल गार्डन के समीप स्थित संस्कृति थिएटर में […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved