
उज्जैन। मुख्यमंत्री ने बुधवार को ग्राम सदावल स्थित सक्षम आदर्श आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि यह आंगनवाड़ी बच्चों के सर्वांगीण विकास की सच्ची पाठशाला है। यहां बच्चों के शारीरिक, मानसिक और शैक्षणिक विकास के लिए आवश्यक सभी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गई हैं।
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने आंगनवाड़ी केंद्र में बच्चों से आत्मीय संवाद किया, उन्हें झूला झुलाया और दुलार करते हुए लड्डू, चना तथा मूंगफली के पैकेट वितरित किए। बच्चों ने नमस्ते सर कहकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया और गुलाब का फूल भेंट किया। उन्होंने फूड जोन, स्वास्थ्य परीक्षण कक्ष, मेडिसिन कक्ष सहित केंद्र की विभिन्न गतिविधियों का अवलोकन कर जानकारी ली। कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने केंद्र में संचालित व्यवस्थाओं की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार आंगनवाड़ी केंद्रों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित कर रही है। पक्के भवन, फर्नीचर, खिलौने, पोषण आहार, स्वास्थ्य जांच, टीकाकरण और प्रारंभिक शिक्षा जैसी सभी सुविधाएं बच्चों को एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने बताया कि सीएसआर फंड से बने इस केंद्र में बच्चों के समग्र विकास के लिए उत्कृष्ट व्यवस्थाएं की गई हैं। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा लगाई गई पोषण प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इसके बाद एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत आंगनवाड़ी परिसर में आम, पीपल, बरगद, नीम, सुरजना और जामफल के पौधे लगाए तथा सभी नागरिकों से कम से कम एक पौधा लगाने की अपील की। मुख्यमंत्री ने मंच से लाड़ली लक्ष्मी योजना की बालिकाओं को आश्वासन प्रमाण-पत्र और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की पात्र महिलाओं को हितलाभ वितरित किए। उन्होंने बालिकाओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं भी दीं। कार्यक्रम में पदोन्नत अधिकारियों, नव नियुक्त आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने मुख्यमंत्री का सम्मान किया। इस अवसर पर प्रभारी मंत्री गौतम टेटवाल, महापौर मुकेश टटवाल शाहिद अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, ग्रामीण महिलाएं और बड़ी संख्या में बच्चे उपस्थित रहे।