
इंदौर। इंदौर के बाणगंगा थाना क्षेत्र स्थित लोटस पार्क निवासी कारोबारी जितेंद्र साहू की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। शुरुआती जांच में हनी ट्रैप और ब्लैकमेलिंग का एंगल सामने आने के बाद पुलिस कारोबारी की कॉल डिटेल, बैंक लेन-देन और अन्य वित्तीय ट्रांजेक्शन की बारीकी से जांच कर रही है। मामले में भोपाल की एक युवती की भूमिका भी जांच के दायरे में है। पुलिस होटल स्टाफ, कारोबारी के दोस्तों और परिजनों से लगातार पूछताछ कर रही है।
दरअसल इंदौर की बाणगंगा थाना पुलिस के अनुसार कारोबारी जितेंद्र साहू पिछले करीब 20 दिनों से अपने परिवार से अलग एक होटल में रह रहे थे। इसी होटल की ऊपरी मंजिल से कूदने के कारण उनकी मौत हुई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद पुलिस ने जांच की रफ्तार बढ़ा दी है। जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि कारोबारी को कथित रूप से हनी ट्रैप में फंसाकर ब्लैकमेल किया गया। पुलिस इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि आपत्तिजनक वीडियो दिखाकर भोपाल की एक युवती ने उनसे एक करोड़ रुपये से अधिक की नकदी, जेवर और लग्जरी गाड़ियां वसूली थीं । मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए कॉल रिकॉर्ड, मोबाइल डेटा और बैंक खातों की जांच की जा रही है। होटल संचालक, होटल स्टाफ और कारोबारी के करीबी दोस्तों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved