
मुंबई: अयोध्या के राम मंदिर में हुई चोरी के मामले में सियासत जारी है. सत्ता पक्ष सरकार लगातार निशाना साध रहा है. इस मुद्दे को लेकर शिवसेना (यूबीटी) ने 18 जुलाई को नागपुर में ‘राम रक्षा आंदोलन’ का आयोजन कर रही है. पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद संजय राउत ने इस आंदोलन में शामिल होने के लिए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत को भी आमंत्रित किया है. यह कार्यक्रम शाम 4:30 बजे रामनगर, नागपुर स्थित राम मंदिर में आयोजित किया जाएगा.
संजय राउत ने मोहन भागवत को पत्र लिखकर 18 जुलाई को नागपुर में आयोजित होने वाले पार्टी के ‘रामरक्षा’ आंदोलन में शामिल होने का निमंत्रण दिया है. उन्होंने कहा कि अयोध्या राम मंदिर में दान के कथित दुरुपयोग ने हिंदुओं की आस्था और विश्वास को गहरी चोट पहुंचाई है.
शुक्रवार (17 जुलाई) को मोहन भागवत को लिखे पत्र में उन्होंने मंदिर में कथित वित्तीय अनियमितताओं का जिक्र किया और भागवत से इस अभियान में भाग लेने का आग्रह किया, जिसका उद्देश्य जागरूकता पैदा करना और भगवान राम की पवित्रता की रक्षा करना है.
पत्र में संजय राउत ने लिखा ‘राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) ने अयोध्या के राम मंदिर में चंदे के कथित गबन पर दुख व्यक्त किया है. हालांकि, मंदिर चोरी मामले में मुख्य आरोपी के खिलाफ अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है’. उन्होंने कहा कि अयोध्या में हुई चोरी की घटना ने हिंदुओं की आस्था और विश्वास को गहरी चोट पहुंचाई है. ऐसे में हिंदू समाज को एक बार फिर एकजुट और सक्रिय करना जरूरी है.
सांसद ने कहा ‘राम मंदिर चोरी मामले के खिलाफ हिंदुओं को जागरूक करने के लिए शिवसेना ने राज्य भर में ‘राम रक्षा आंदोलन’ शुरू किया है. इस अभियान का दूसरा चरण नागपुर में आयोजित किया जा रहा है, और हम आपको इसमें शामिल होने के लिए आमंत्रित करते हैं’. उन्होंने RSS प्रमुख से कार्यक्रम में उपस्थित श्रद्धालुओं को आशीर्वाद देने का आग्रह किया. उन्होंने कहा उम्मीद है कि आप जरूर आएंगे और अगर किसी वजह से आप नहीं आ पाते हैं, तो अप अपने प्रतिनिधि को भेजें.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved