
भोपाल। मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) कांग्रेस (Congrss) में गुटबाजी और अंदरूनी कलह एक बार फिर खुलकर सामने आ गई है। आगर मालवा जिले (Agar Malwa district) की सुसनेर विधानसभा से कांग्रेस विधायक भेरूसिंह परिहार (Bheru Singh Parihar) ने अपनी ही पार्टी के संगठन और नेतृत्व पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि कांग्रेस के कुछ नेता ही प्रदेश में पार्टी की सरकार नहीं बनने देना चाहते। उन्होंने यहां तक कह दिया कि यदि यही हाल रहा तो वे कार्यकर्ताओं के साथ आगे की रणनीति तय करेंगे और जरूरत पड़ी तो पार्टी छोड़ने पर भी विचार करेंगे।
मामला नलखेड़ा में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अजय सिंह द्वारा ली गई संगठनात्मक बैठक से जुड़ा है। विधायक का आरोप है कि उनकी ही विधानसभा में ब्लॉक और नगर कार्यकारिणी की बैठक आयोजित की गई, लेकिन उन्हें इसकी कोई सूचना तक नहीं दी गई। इतना ही नहीं, कार्यक्रम के पोस्टरों से भी उनका नाम और तस्वीर गायब रखी गई।
भेरूसिंह परिहार ने दावा किया कि उन्होंने कार्यक्रम की जानकारी मिलने पर वरिष्ठ नेता से फोन पर भोजन और स्वागत की व्यवस्था की बात की, लेकिन जवाब मिला कि विधायक से बात नहीं करना है। विधायक ने इसे जनप्रतिनिधि का अपमान बताते हुए कहा कि यदि संगठन इस तरह चुने हुए विधायक को ही दरकिनार करेगा तो पार्टी कैसे मजबूत होगी।
विधायक ने आरोप लगाया कि 2023 विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के खिलाफ काम करने वाले लोगों को बैठकों में बुलाया जा रहा है, जबकि पार्टी के निर्वाचित विधायक को ही अलग रखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि इससे कार्यकर्ताओं में भारी नाराजगी है।
भेरूसिंह परिहार ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी का नाम लेते हुए कहा कि केवल प्रदेशभर में दौरे करने से सरकार नहीं बनेगी। पहले पार्टी के भीतर की कलह खत्म करनी होगी। उनका कहना था कि अगर संगठन नहीं संभला तो 2028 में भी कांग्रेस सत्ता से दूर रहेगी।
विधायक ने सबसे बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि जनता भाजपा से परेशान होकर कांग्रेस की ओर देख रही है, लेकिन भोपाल में बैठे कांग्रेस के नेता ही पार्टी की सरकार नहीं बनने देना चाहते। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या कुछ नेता भाजपा के एजेंट की तरह काम कर रहे हैं।
अपने संबोधन के अंत में भेरूसिंह परिहार ने कहा कि उन्होंने जो कुछ कहा है, वह सच कहा है। यदि पार्टी कार्रवाई करती है तो उसका सामना करेंगे, लेकिन अगर हालात नहीं बदले तो वे अपने कार्यकर्ताओं के साथ बैठकर आगे का फैसला करेंगे और पार्टी छोड़ने तक पर विचार करेंगे।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved