
इन्दौर। नगर निगम चौराहे को संवारा जाना था और सौंदर्यीकरण के तहत कई कार्य होना थे, लेकिन फंड की कमी के चलते निगम ने अस्थायी तौर पर ट्रैफिक के लिए नए प्रयोग किए हैं। कल रात में वहां चौराहे के आसपास के हिस्सों में डिवाइडर लगाकर टर्न बनाए हैं। इसके साथ ही ट्रैफिक सिग्नल भी लगाए गए हैं।
नगर निगम चौराहे पर चारों और से वाहनों का दबाव रहता है और ऐसे में वहां दिनभर में कई बार जाम की स्थिति बनती है। चूंकि वहां लेफ्ट टर्न चौड़े नहीं किए जा सकते हैं, क्योंकि अधिकांश हिस्से पुल के आसपास हैं। ऐसे में कल निगम के अफसरों ने चौराहे के आसपास डिवाइडर लगाकर अस्थायी यातायात प्रयोग किया। अफसरों के मुताबिक कल रात वहां ट्रैफिक सिग्नल लगाया गया और इसके साथ ही कई हिस्सों में सीमेंट के बड़े-बड़े डिवाइडर लगाए गए हैं, ताकि अन्य मार्गों की और जाने वाले वाहन चालकों को सुविधा हो। वहां से गुजरने वाले वाहन चालक कई बार चौराहे पर आकर गुत्थमगुत्था हो जाते हैं और इसी के चलते वहां लंबा जाम लग जाता है। निगम की माली हालत खस्ताहाल होने के चलते कई चौराहों को संवारने के काम उलझन में पड़ गया है और इसी के चलते निगम अस्थायी तौर पर उन स्थानों पर यातायात सुविधा की दृष्टि से कुछ जरूरी कार्य पूरे कर रहा है। करीब 2 करोड़ से इस चौराहे को संवारने की योजना थी और इसके लिए टेंडर भी जारी हो गए थे, लेकिन ठेकेदारों ने इसमें रुचि नहीं दिखाई और मामला उलझन में पड़ गया।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved