
दिग्गी-पटवारी पहुंचे प्रदर्शनकारियों के बीच
इंदौर। दिल्ली के जंतर-मंतर (Jantar Mantar) की तरह इंदौर (Indore) के भंवरकुआं चौराहे (Bhanwarkuan Intersection) पर आंदोलन कर रहे छात्रों (students) को परेशान करने का सिलसिला शुरू हो गया है। पुलिस द्वारा इन छात्रों को भोजन-पानी पहुंचाने वाले लडक़ों की धरपकड़ की गई। इस पर कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि इस आंदोलन को कुचलने की कोशिश नहीं की जाए।
कल रात में प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजयसिंह, प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष जीतू पटवारी और शहर अध्यक्ष चिंटू चौकसे भंवरकुआं चौराहे पर चल रहे आंदोलन स्थल पर पहुंच गए थे। वहां पर कांग्रेस के नेता करीब आधे घंटे तक रुके। इस दौरान उन्होंने आंदोलन कर रहे विद्यार्थियों के साथ चर्चा की। इस चर्चा में विद्यार्थियों द्वारा यह बताया गया कि पुलिस द्वारा उन्हें परेशान करने का काम शुरू कर दिया गया है। प्रशासन के निर्देश पर यहां आंदोलन कर रहे बच्चों के लिए भोजन और पानी, चाय की व्यवस्था करने वाले लोगों को थाने में बुलाकर चमकाया जा रहा है। यह जानकारी मिलते ही प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि यदि प्रशासन ज्यादती करेगा तो कांग्रेस मैदान में आ जाएगी। यहां छात्रों का आंदोलन शांति के साथ चल रहा है। इस आंदोलन को कुचलने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजयसिंह ने छात्रों की मांग पर समर्थन देते हुए कहा कि यदि परीक्षा का पेपर लीक होता है तो उसकी जवाबदेही तय होना चाहिए। मैं तो पहले से ही यह मांग कर चुका हूं कि देश के शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने कहा कि भंवरकुआं चौराहे पर बच्चों को टेंट लगाने की परमिशन नहीं दी जा रही है जो कि गलत है। ऐसी स्थिति में बारिश होने पर बच्चे पुल के नीचे बैठ रहे हैं। उन्होंने प्रशासन को इन बच्चों के साथ मानवीय व्यवहार करने की अपील की। रात के समय पर इस चौराहे पर आंदोलन करने वाले विद्यार्थियों की संख्या बहुत बढ़ जाती है। अपनी कोचिंग से छूटने वाले विद्यार्थी अपने घर या हॉस्टल में जाकर आराम करने के बजाय इस आंदोलन में आकर सहभागिता दर्ज करवा रहे हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved