
मुंबई। धर्मेंद्र प्रधान (Dharmendra Pradhan) ने आज शनिवार, 25 जुलाई को शिक्षा मंत्री (Minister of Education) के पद से इस्तीफा दे दिया है। धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर उद्धव गुट के शिवसेना सांसद संजय राउत का बड़ा बयान सामने आया है। संजय राउत ने धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद दावा किया है, ‘देवेंद्र फडणवीस को देश का नया शिक्षा मंत्री बनाया जा सकता है।’
कौन बनेगा अगला शिक्षा मंत्री?
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के साथ ही ये सवाल सामने आया कि देश का अगला शिक्षा मंत्री कौन बनेगा। इस पर शिवसेना उद्धव गुट के सांसद संजय राउत का मानना है कि देवेंद्र फडणवीस को केंद्र में लाया जा सकता है और उन्हें नए शिक्षा मंत्री की जिम्मेदारी दी जा सकती है। हालांकि सरकार की तरफ से नए शिक्षा मंत्री के नाम को लेकर अभी कोई जानकारी सामने नहीं आई है। वहीं इस समय देश में शिक्षा राज्य मंत्री जयंत चौधरी और डॉ. सुकांत मजूमदार हैं।
धर्मेंद्र प्रधान ने दिया इस्तीफा
NEET-UG 2026 पेपर लीक के बाद से ही देशभर में छात्र प्रदर्शन कर रहे थे। शिक्षा मंत्री के पद से धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की जा रही थी। कॉकरोच जनता पार्टी और छात्र-छात्राएं दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे थे। दिल्ली समेत देश के कई राज्यों में जारी प्रदर्शन के बीच धर्मेंद्र प्रधान ने शिक्षा मंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया है।
उन्होंने इस्तीफा देते हुए पत्र में लिखा, ‘कुछ दिनों से जो कुछ चल रहा है, उससे बहुत दुखी हूं और युवाओं की भावनाओं का सम्मान करते हुए इस्तीफा दे रहा हूं।’ प्रधान ने सभी को धन्यवाद देते हुए लिखा, ‘मैं पिछले 4 दशकों से अधिक समय से छात्र, शिक्षक और शिक्षा सुधार के लिए समर्पित रहा हूं। मेरा सदैव यह विश्वास रहा है कि एक सशक्त, समावेशी और दूरदर्शी शिक्षा व्यवस्था ही सशक्त राष्ट्र की आधारशिला होती है।’
धर्मेंद्र प्रधान ने आगे लिखा, ‘मैं देश के युवाओं की आकांक्षाओं, भावनाओं और उनकी न्यायोचित अपेक्षाओं का गहरा सम्मान करता हूँ। भारत की युवा पीढ़ी के सपनों को साकार करना हम सभी के राजनीतिक एवं सामाजिक जीवन का नैतिक संकल्प रहा है। आदरणीय प्रधानमंत्री जी के दूरदर्शी नेतृत्व में राष्ट्र की सेवा करने का जो अवसर मुझे प्राप्त हुआ उसके लिए मैं प्रधानमंत्री जी का आभार प्रकट करता हूं।’
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved