
नई दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) ने कहा कि आने वाले 100 रविवार (Coming 100 Sundays) ‘नशा मुक्त भारत’ की दिशा में (Towards ‘Drug-Free India’) 100 मजबूत कदम होंगे (Will be 100 strong Steps) ।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ‘नशा मुक्त युवा से विकसित भारत संकल्प अभियान’ का शुभारंभ किया। नशीले पदार्थों के सेवन के खिलाफ 100 हफ्ते तक चलने वाले इस अभियान में हर नागरिक, खासकर युवाओं से शामिल होने की अपील की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “आज हम सभी जिस अभियान के साक्षी बन रहे हैं, वह व्यक्ति, परिवार, समाज और सबसे बड़ी बात कि राष्ट्र के लिए है। विकसित भारत संकल्प अभियान के लिए नशामुक्त युवा, इस मूवमेंट का नाम ही इसके संकल्प को स्पष्ट करता है।” आज जब देश ने विकसित भारत का लक्ष्य तय किया है, तो इसके लिए यह आवश्यक है कि देश का युवा तन-मन से स्वस्थ हो, आत्मविश्वास से भरपूर हो और ड्रग्स जैसी घातक आदत से हमेशा-हमेशा दूर ही रहे। यही इस अभियान का उद्देश्य है। इसलिए हम सबको संकल्प लेना है कि हमारे युवा नशे और ड्रग्स के खतरे को समझें, हर तरह से जागरूक रहें और उससे दूर रहें।
प्रधानमंत्री ने कहा कि ‘विकसित भारत संकल्प अभियान’ के तहत शुरू की गई इस पहल का नाम ही ‘नशा मुक्त युवा’, इसके मकसद और संकल्प को दर्शाता है। जैसे-जैसे भारत एक विकसित देश बनने के लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है, यह जरूरी है कि हमारे युवा मानसिक और शारीरिक रूप से स्वस्थ और आत्मविश्वास से भरे हों और साथ ही नशे की लत जैसी बुराई से दूर रहें। यही इस पहल का मुख्य मकसद है। हमें यह पक्का करने का संकल्प लेना होगा कि हमारे युवा नशे और लत के खतरों को समझें, सतर्क रहें और इस विनाशकारी आदत से दूर रहें। पीएम मोदी ने कहा कि कुछ काम ऐसे होते हैं जिनमें व्यक्ति अकेले प्रयास करे तो निराश हो जाता है, थकान महसूस करता है और लंबा रास्ता तय करने का मन नहीं करता। लेकिन जब वही काम सामूहिक अभियान बन जाता है और करोड़ों लोग कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ते हैं, तो जो काम व्यक्ति अकेले नहीं कर पाता, उसके लिए भी उसे ऊर्जा मिल जाती है। आज इसी ताकत के साथ चलाया जा रहा यह अभियान हर युवा के मन को छूएगा।
प्रधानमंत्री ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा, “मेरा आप सभी से आग्रह है, आप सब इस बड़े मूवमेंट के लीडर हैं। आपने मेरे इस विश्वास को और मजबूत किया है कि भारत का युवा कितना जागरूक है, कितना समझदार है और अपने कर्तव्यों के प्रति कितना गंभीर है। मैं आप सभी को इस अभियान के लिए अनेक-अनेक शुभकामनाएं देता हूं। आप भारत की अमृतपीढ़ी हैं। आप अगले 20-25 वर्षों में अपने जीवन को दिशा देंगे और आप ही 2047 में देश को विकसित भारत की मंजिल तक लेकर जाएंगे और उसके शिखर पर आप ही बैठे होंगे। उसका सारा रसपान करने का अवसर आप ही को मिलने वाला है। देश को आपकी ऊर्जा, आपकी कल्पना शक्ति और आपकी टैलेंट की जरूरत है, इसलिए देश के लिए और अपने जीवन के लिए खुद को नशामुक्त रखना बहुत जरूरी है।”
प्रधानमंत्री ने कहा, “आने वाले 100 रविवार ‘नशा मुक्त भारत’ की दिशा में 100 मजबूत कदम होंगे। अगर कोई युवा गलती से नशे में फंस भी गया है तो इसका ये मतलब बिल्कुल नहीं है कि उसके सारे रास्ते बंद हो गए हैं! हमें हमेशा इस बात का ध्यान रखना है, घर का कोई बच्चा अगर नशे का शिकार बन गया है, तो इसे सामाजिक प्रतिष्ठा की आड़ में छिपाएं नहीं। जिसकी जरूरत हो, उसका सहयोग लें। मेडिकल हेल्प से अपने बच्चे को नशे से मुक्त कराने का प्रयास करें। हमें परिवार में बच्चों से खुलकर संवाद की संस्कृति भी बनानी चाहिए ताकि ऐसे भंवर में फंसने से पहले ही आप उसका हाथ थाम सकें।” पीएम मोदी ने कहा कि समाज का सहयोग, योग और ध्यान की ताकत, ये नशे के खिलाफ हमारे अंतर्मन को ताकत देते हैं। आज तो हमारे पास नशा छोड़ने के लिए पुनर्वास केंद्र जैसी सुविधाएं भी हैं। आज स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों के हजारों छात्र इस कार्यक्रम से ऑनलाइन जुड़े हैं। साथ ही, ‘मायभारत’ के लाखों वॉलंटियर्स भी इससे जुड़े हैं। एनएसएस के जवान भी हमारे साथ शामिल हुए हैं। अलग-अलग क्षेत्रों, संस्थानों और बैकग्राउंड के 1 करोड़ से अधिक युवा आज एक साथ हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा, एक आह्वान मैं कॉलेज और विश्वविद्यालय के हमारे प्रोफेसर्स से भी करना चाहता हूं। आप भी कोर्स की पढ़ाई के साथ-साथ स्टूडेंट्स के साथ ड्रग्स के खतरों पर बात करें। नशे के खिलाफ अपने कैम्पस में एक मूवमेंट चलाएं। आपके प्रयास बड़े परिणाम ला सकते हैं। उन्होंने कहा, ड्रग्स के खिलाफ अभियान में आज सरकार भी मजबूती से युवाओं के साथ खड़ी है। देश में नशे के कारोबारियों और नशे पर सख्ती से कार्रवाई हो रही है, पहले की तुलना में कई गुना ज्यादा गिरफ्तारियां हुई हैं, हजारों करोड़ रुपये की ड्रग्स जब्त की गई हैं। ये दिखाता है कि ड्रग्स के खिलाफ हमारी सरकार कितनी सख्त है। प्रधानमंत्री ने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि नशे से दूर रहकर आपको अपनी क्षमता को बचाना होगा। आपको यह पता होना चाहिए कि ड्रग्स आपको कुछ समय के लिए तो नशा या उत्साह देते हैं, लेकिन आपके करियर और परिवार को बहुत नीचे गिरा देते हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved