
नई दिल्ली। ईरान (Iran) के साथ जारी संघर्ष के बीच अमेरिका (America) ने होर्मुज स्ट्रेट (Strait of Hormuz) में तेल की आवाजाही के लिए एक गुप्त शिपिंग कॉरिडोर (Secret shipping corridor) तैयार किया है। अमेरिकी सेना ओमान के तट के पास स्ट्रेट के दक्षिणी हिस्से से हर रात तेल टैंकरों को सुरक्षित निकाल रही है। पिछले कुछ हफ्तों से चल रहे इस ऑपरेशन के तहत रोजाना करीब 15 से 20 टैंकर होर्मुज से गुजर रहे हैं।
अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, इस रास्ते से हर दिन करीब 1 करोड़ बैरल तेल बाहर निकाला जा रहा है। यह युद्ध शुरू होने से पहले होने वाली कुल तेल सप्लाई का करीब आधा है। ऐसे में इस ऑपरेशन से वैश्विक बाजार में तेल की सप्लाई पर बना दबाव कुछ कम हुआ है।
कैसे चल रहा है पूरा ऑपरेशन?
Axios की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी सेना सिर्फ तेल से लदे जहाजों को ही बाहर नहीं निकाल रही, बल्कि खाली टैंकरों को भी अरब सागर से होर्मुज के रास्ते खाड़ी में भेजा जा रहा है। वहां तेल भरने के बाद ये टैंकर उसी सुरक्षित रास्ते से वापस बाहर निकल रहे हैं।
हर रात जहाजों की आवाजाही के लिए अलग-अलग समय तय किया जाता है। इसके बाद अमेरिकी सेना की निगरानी में टैंकरों को होर्मुज के दक्षिणी चैनल से निकाला जाता है।
ईरानी ड्रोन और मिसाइलों से भी सुरक्षा
इस शिपिंग कॉरिडोर की सुरक्षा के लिए अमेरिकी लड़ाकू विमान भी तैनात किए गए हैं। अमेरिकी अधिकारियों का दावा है कि हालिया सैन्य अभियान में ईरान के कई रडार और समुद्री निगरानी सिस्टम को नुकसान पहुंचा है। इससे दक्षिणी चैनल में जहाजों की निगरानी करना ईरान के लिए मुश्किल हुआ है।
हालांकि, ईरान की ओर से ड्रोन और क्रूज मिसाइलों के हमले जारी रहने की बात कही गई है। अमेरिका का दावा है कि इस सप्ताह उसके सैनिकों ने 8 ईरानी ड्रोन और 2 क्रूज मिसाइलें मार गिराईं। कुछ जहाजों को नुकसान पहुंचने की भी जानकारी है, लेकिन अमेरिकी सेना का कहना है कि उसने कई हमलों को नाकाम किया है।
ट्रंप बोले- होर्मुज से निकल रहा बहुत तेल
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी इस ऑपरेशन की ओर इशारा करते हुए कहा है कि होर्मुज स्ट्रेट से “बहुत बड़ी मात्रा में तेल” बाहर निकल रहा है। अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, कुछ रातों में तेल की आवाजाही 1.5 करोड़ से 2 करोड़ बैरल तक भी पहुंची है।
फिलहाल अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत नहीं हो रही है। ट्रंप ने कहा है कि ईरान के साथ बातचीत करना अभी समय की बर्बादी है। ऐसे में होर्मुज में बनाया गया यह गुप्त तेल कॉरिडोर युद्ध के बीच अमेरिका की एक अहम रणनीतिक पहल के तौर पर देखा जा रहा है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved