
नर्मदापुरम। जिले के सोहागपुर (Sohagpur) में शनिवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सीएम राइज संदीपनी स्कूल की बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। यह हादसा ग्राम सूकरी और चुरका के बीच मोड़ पर हुआ। गनीमत यह रही कि हादसे में किसी को गंभीर चोट नहीं आई है और सभी घायल सुरक्षित हैं।
ड्राइवर मोड़ पर नियंत्रण खो बैठा
जानकारी के अनुसार बस क्रमांक MP 04 PA 2430 शनिवार को आसपास के गांवों से बच्चों को लेने जंगल की ओर गई थी। सूकरी और चुरका गांव के बीच एक मोड़ पर बस अचानक अनियंत्रित हो गई और एक पलटी खाते हुए तिरछी होकर रुक गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक बस की रफ्तार तेज थी, जिसके कारण ड्राइवर मोड़ पर नियंत्रण खो बैठा। हालांकि, पुलिस का कहना है कि तेज रफ्तार की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। हादसे के वक्त बस में 4 विद्यार्थी, ड्राइवर और एक महिला कंडक्टर सवार थे।
बस ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 का स्टाफ तुरंत मौके पर पहुंचा। पुलिसकर्मियों ने बस में फंसे बच्चों और स्टाफ को बाहर निकाला और सोहागपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां सभी का प्राथमिक उपचार किया गया। डॉक्टरों के मुताबिक सभी को मामूली चोटें आई हैं। सोहागपुर थाना प्रभारी गिरीश त्रिपाठी ने बताया कि हादसे में चार विद्यार्थियों सहित ड्राइवर व कंडक्टर को मामूली चोटें आई हैं। मामले में बस ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है और घटना की जांच की जा रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved