
नई दिल्ली। दिल्ली के लाहौरी गेट (Delhi’s Lahori Gate) इलाके से सनसनीखेज वारदात सामने आई है। जहां प्रिंस होटल में 28 वर्षीय महिला की उसके प्रेमी ने कथित तौर पर चाकू मारकर हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी ने जहर खाकर आत्महत्या करने की कोशिश की। दिल्ली पुलिस ने गुरुवार को यह जानकारी दी।
राजस्थान का आरोपी और बिहार की महिला
दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि राजस्थान के रहने वाले आरोपी और बिहार की रहने वाली महिला ने बुधवार शाम होटल प्रिंस में कमरा लिया था। पुलिस के अनुसार, रात के दौरान व्यक्ति ने कथित तौर पर महिला पर चाकू से हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। इसके बाद उसने आत्महत्या करने के लिए जहर खा लिया।
कमरे के अंदर खून से लथपथ पड़ा मिला महिला का शव
पुलिस ने बताया कि गुरुवार सुबह होटल के कर्मचारियों ने महिला को कमरे के अंदर खून से लथपथ पड़ा पाया। उसे मौके पर ही मृत घोषित कर दिया गया, जबकि आरोपी को अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने कहा कि महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
चाकू घोंपकर महिला की गई हत्या
पुलिस ने एक बयान में कहा कि लाहौरी गेट इलाके में स्थित एक होटल के कमरे में गुरुवार सुबह एक महिला की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई, जबकि एक पुरुष बेहोशी की अवस्था में मिला।
बेहोशी की हालत में पाया गया आरोपी
पुलिस के अनुसार, लाहौरी गेट थाने को होटल प्रिंस में एक पुरुष और एक महिला के अचेत पड़े होने के संबंध में सूचना प्राप्त हुई थी। इसके बाद पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। उसने बताया कि महिला घायल अवस्था में मिली और उसके शरीर पर चाकू से वार के कई निशान थे, उसी स्थान पर एक पुरुष भी बेहोशी की हालत में पाया गया।
हत्या के बाद आत्महत्या का प्रयास
पुलिस ने कहा कि दोनों को तुरंत पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया, जबकि पुरुष का फिलहाल अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, यह मामला हत्या के बाद आत्महत्या के प्रयास का है। सही घटनाक्रम और परिस्थितियों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved