
बदरीनाथ। बदरीनाथ तप्त कुंड (Badrinath Tapta Kund) में स्नान के दौरान राजस्थान (Rajasthan) की दो महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई। ये महिलाएं बदरीनाथ धाम (Badrinath Dham) में भागवत कथा सुनने के लिए 4 सितंबर को पहुंची थीं। बताया जा रहा है कि दोनों रिश्ते में बहन थीं। दोनों कुंड में 108 बार डुबकी लगाना चाहती थीं, लेकिन इस दौरान वे बेहोश हो गईं।
जानकारी के अनुसार, राजस्थान के भीलवाड़ा से बदरीनाथ में भागवत कथा सुनने पहुंचे श्रद्धालु दल की दो महिलाओं की शुक्रवार सुबह तप्त कुंड में स्नान के दौरान मौत हो गई। दोनों महिलाएं स्नान करते समय बेहोश हो गई थीं। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया अधिक देर तक डुबकी लगाने के कारण ऑक्सीजन की कमी अथवा अन्य कारण से हादसा होने की आशंका है।
4 सितंबर को पहुंचे थे बदरीनाथ
बदरीनाथ थाना प्रभारी महादेव उनियाल ने बताया कि राजस्थान के भीलवाड़ा से श्रद्धालुओं का दल चार सितंबर को बदरीनाथ पहुंचा था। शुक्रवार सुबह करीब 4:30 बजे दल के चार महिलाएं और एक पुरुष मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे। दर्शन से पहले पुरुष श्रद्धालु अमर चंद्र शर्मा पुरुष तप्त कुंड में स्नान करने चले गए, जबकि चारों महिलाएं महिला तप्त कुंड में स्नान करने लगीं।
साथ में स्नान कर रहीं भगवती और सोनी के अनुसार रामू देवी उम्र 71 (पत्नी अमर चंद्र शर्मा) और प्रेम देवी अमृत (63) (पत्नी मदन लाल शर्मा) ने प्रभु स्मरण करते हुए लगातार 108 डुबकियां लगाईं इसी दौरान दोनों महिलाएं तप्त कुंड में ही बेहोश हो गईं।
अन्य महिलाओं ने दोनों को तप्त कुंड से बाहर निकाला। मौके पर मौजूद पुलिस और अन्य लोगों ने उन्हें सीपीआर देने का प्रयास किया। इसके बाद दोनों को बदरीनाथ अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved