
अहमदाबाद. गुजरात (Gujarat) के आणंद जिले में अहमदाबाद-वडोदरा एक्सप्रेसवे (Ahmedabad-Vadodara Expressway) पर बुधवार ( 30 सितंबर 2026) की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा (horrific road accident) हो गया. पुलिस के मुताबिक, यहां एक प्राइवेट बस और ट्रक की जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें 5 लोगों की मौत हुई और अन्य 5 घायल हो गए.
पीएम मोदी ने भी इस हादसे पर दुख जताया है. प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने अपने ‘X’हैंडल पर एक पोस्ट शेयर करते हुए घटना पर दुख जताया.
पीएम मोदी ने जताया दुख
पोस्ट में पीएम मोदी के हवाले से लिखा गया,’ गुजरात के आणंद में हुए हादसे में लोगों की जान जाने से बहुत दुखी हूं. शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना. मैं सभी घायलों के जल्द ठीक होने की प्रार्थना करता हूं.’ प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है. घटना को लेकर घायल बस पैसेंजर गणेश जाधव ने ‘IANS’ के साथ बातचीत में कहा,’ हम लोग खाना खा कर बस में सो गए थे. तभी ये हादसा हुआ. सिविल अस्पताल नडियाड के CMO डी आर पटेल ने कहा,’ सभी सूरत से नाथद्वारा जा रहे थे कि तभी लग्जरी बस और ट्रक के बीच एक्सीडेंट हो गया. इसमें एक व्यक्ति की रास्ते में ही मौत हो गई थी.’
ट्रक को ओवरटेक करने के चक्कर में हुआ हादसा
बता दें कि यह हादसा आणंद-नडियाद के बीच अहमदाबाद-वडोदरा एक्सप्रेस हाईवे पर बोरियावी के पास हुआ. जानकारी के मुताबिक, सूरत से राजस्थान जा रही एक निजी बस ओवरटेकिंग लेन में हादसे का शिकार हो गई. पुलिस अधिकारी ने बताया कि हादसा तब हुआ, जब प्राइवेट बस एक्सप्रेसवे पर ट्रक को ओवरटेक करने की कोशिश कर रही थी. टक्कर इतनी भीषण थी कि बस के परखच्चे उड़ गए. इस हादसे में 5 जिंदगियां खत्म हो गईं, जिससे मृतकों के परिवारों में शोक की लहर दौड़ गई. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, मृतक मूल रूप से राजस्थान के निवासी बताए जा रहे हैं.
अस्पताल में भर्ती हुए घायल
हादसे में घायल हुए 5 लोगों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. वहीं, 4 शवों को आणंद जनरल अस्पताल और एक शव को नडियाद सिविल अस्पताल भेजा गया है. हादसे की सूचना मिलते ही आणंद ग्रामीण पुलिस की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved