
भोपाल। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दोनों महापुरुषों को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहा है और स्वदेशी को बढ़ावा दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि गांधीजी के स्वदेशी और आत्मनिर्भरता के विचार को आज नए रूप में आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मेक इन इंडिया और मेड इन इंडिया के जरिए देश में ही उत्पादन को बढ़ावा देने और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को पूरा करने की कोशिश हो रही है।
सीएम ने भारतीय मूल के पायलट कैप्टन स्मित मछार के साहस की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि इजरायल के एक यात्री विमान में यात्रियों की जान बचाने के दौरान मछार ने जिस तरह अपनी जान की परवाह किए बिना साहस दिखाया, वह हर भारतीय के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि मछार ने यात्रियों की सुरक्षा के साथ आतंकियों के मंसूबों को नाकाम करने में भी साहस दिखाया। मुख्यमंत्री ने उनके साहस, शौर्य और मानवता की भावना को नमन किया।
मुख्यमंत्री ने केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के भोपाल दौरे का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि शाह के दौरे के दौरान गोपालक सम्मेलन के जरिए प्रदेश में दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने से जुड़े कार्यक्रम होंगे। उन्होंने कहा कि आईआईएसईआर से जुड़े कार्यक्रम के साथ स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा का अनावरण भी प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री के अनुसार, इन कार्यक्रमों के जरिए प्रदेश में डेयरी क्षेत्र, शिक्षा और युवाओं के कौशल विकास से जुड़े प्रयासों को गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में अब काफी हद तक नक्सलवाद से मुक्त हो चुका है। उन्होंने कहा कि अब प्रदेश को नशामुक्त बनाने की दिशा में भी काम किया जा रहा है। सरकार का फोकस युवाओं को नशे से दूर रखने और नशे के खिलाफ अभियान को मजबूत करने पर है। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से मध्यप्रदेश में विकास और सामाजिक बदलाव से जुड़े कई क्षेत्रों में काम आगे बढ़ाया जा रहा है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved