
जबलपुर। लोकतांत्रिक संस्थाओं की मजबूती, मताधिकार की रक्षा और चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग को लेकर इंडिया गठबंधन एवं विपक्षी दलों की संयुक्त बैठक रविवार को रसल चौक स्थित कांग्रेस कार्यालय में हुई। बैठक में निर्णय लिया गया कि 7 अक्टूबर को वोट बचाओ देश बचाओ मार्च निकाला जाएगा। मार्च का शुभारंभ टाउन हॉल स्थित गांधी प्रतिमा से होगा।
इसके बाद मार्च शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए मालवीय चौक पहुंचेगा, जहां सभा आयोजित की जाएगी। सभा में विभिन्न राजनीतिक दलों एवं संगठनों के प्रतिनिधि संबोधित करेंगे। जिला कांग्रेस कमेटी (शहर) अध्यक्ष सौरभ नाटी शर्मा ने कहा कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए विपक्षी दलों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों को एकजुट होकर लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने, उनके विरुद्ध मुकदमा चलाने एवं गिरफ्तारी की मांग को लेकर कांग्रेस देशभर में आवाज उठा रही है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था की निष्पक्षता और विश्वसनीयता लोकतंत्र के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। चुनाव प्रक्रिया को लेकर जनता के मन में किसी भी प्रकार का संदेह लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर विषय है। वोट बचाओ देश बचाओ अभियान के जरिए मताधिकार की स्वतंत्रता, निष्पक्षता और सुरक्षा को लेकर जनता को जागरूक किया जाएगा। बैठक में राष्ट्रीय जनता दल, माकपा, समाजवादी पार्टी, राष्ट्रीय समानता दल, संयुक्त संघर्ष समिति, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी, जमाअत-ए-इस्लामी सहित विभिन्न दलों और संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी ने मार्च में अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्णय लिया। । बैठक में सौरभ नाटी शर्मा, दिनेश यादव, अमरीश मिश्रा, रामरतन यादव, राजेंद्र गुप्ता, रोहित यादव, नौखे लाल प्रजापति, गंगा प्रसाद कुशवाहा, रजनीश दुबे, अंजना कुररिया आदि शामिल रहे।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved