
नई दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) ने पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान की पुण्यतिथि पर (To former Union Minister Ram Vilas Paswan on his Death Anniversary) श्रद्धाजंलि अर्पित की (Paid Tribute) ।
पीएम मोदी ने कहा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री का पूरा जीवन जनकल्याण के लिए समर्पित रहा। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान को उनकी पुण्यतिथि पर विनम्र श्रद्धांजलि। उनका पूरा जीवन जनकल्याण के लिए समर्पित रहा। उन्होंने समाज के वंचित वर्गों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए अथक प्रयास किए। देश के लिए उनके योगदान को सदैव याद किया जाएगा।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि रामविलास पासवान की पुण्यतिथि पर मैं उन्हें अपनी विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। पांच दशकों के अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में रामविलास पासवान ने सामाजिक न्याय, समानता और जनकल्याण के लिए निरंतर कार्य किया। उन्होंने अपना पूरा जीवन समाज के वंचित, गरीब और कमजोर वर्गों की आवाज को मजबूती देने और उनके अधिकारों के लिए संघर्ष करने के लिए समर्पित किया। सामाजिक विषमता और भेदभाव के विरुद्ध लड़ाई में वे व्यापक सामाजिक एकजुटता के पक्षधर थे। जनसेवा और राष्ट्रसेवा के प्रति उनके समर्पण भाव और समाज के वंचित वर्गों के प्रति उनकी संवेदनशीलता के लिए उन्हें सदैव याद किया जाएगा।
लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने एक्स पोस्ट में लिखा कि उनका संपूर्ण जीवन वंचित एवं पिछड़े वर्गों को आगे बढ़ाने के लिए समर्पित रहा। सामाजिक न्याय की दिशा में रामविलास पासवान के प्रयास सदैव उल्लेखनीय रहेंगे। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने लिखा कि ‘समाज के वंचित वर्गों के उत्थान तथा सामाजिक न्याय के प्रति समर्पित रहे लोकप्रिय नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान को उनकी पुण्यतिथि पर सादर श्रद्धांजलि।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने लिखा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान की पुण्यतिथि पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि। उन्होंने अपने दीर्घकालिक सार्वजनिक जीवन में वंचित, शोषित और पिछड़ों की आवाज को मुखरता से उठाते हुए सामाजिक न्याय और राष्ट्र के कल्याण के लिए आजीवन कार्य किया। जनसेवा के प्रति उनका समर्पण तथा बिहार और भारत के विकास में उनका योगदान सदैव हम सभी के लिए स्मरणीय रहेगा।
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार के महान सपूत व पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान को उनकी पुण्यतिथि पर शत-शत नमन। रामविलास पासवान ने अपना संपूर्ण जीवन राष्ट्र निर्माण और समाज की सेवा के लिए समर्पित कर दिया। उनके योगदान, विचारों और सार्वजनिक जीवन में उनकी अमूल्य भूमिका को सम्मान देते हुए आगामी वर्ष से उनकी जयंती राजकीय समारोह के रूप में मनाई जाएगी। यह बिहार की धरती के इस महान सपूत के प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजलि और कृतज्ञता का प्रतीक है।
दूसरी ओर, पटना में पूर्व केंद्रीय मंत्री राम विलास पासवान की पुण्यतिथि पर पार्टी कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई, जिसमें पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनकी तस्वीर पर फूल चढ़ाकर श्रद्धांजलि दी। सांसद शांभवी चौधरी ने कहा कि पार्टी अध्यक्ष चिराग पासवान ने तय किया है कि इस बार उनकी पुण्यतिथि उत्तर प्रदेश के लखनऊ में मनाई जाएगी। इसके बावजूद, बिहार में हमारे सभी कार्यकर्ताओं को उनकी पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि देने का मौका मिला। हम उनके विचारों को लेकर आगे चल रहे हैं और पार्टी कार्यकर्ता भी उनकी प्रेरणा, उनकी सीख से काफी प्रभावित हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved