
नई दिल्ली । कांग्रेस सांसद राहुल गांधी (Congress MP Rahul Gandhi) ने कहा कि मोदी, शाह,भागवत और ज्ञानेश कुमार (Modi, Shah, Bhagwat and Gyanesh Kumar) ने भारत को हाईजैक कर लिया (Have Hijacked India) ।
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और एसआईआर के विरोध में विपक्ष गुरुवार को लगातार तीसरे दिन दिल्ली में प्रदर्शन कर रहा है। कनॉट प्लेस के मोएट्स रेस्टोरेंट में लंच के बाद राहुल-प्रियंका गांधी कई विपक्षी सांसदों के साथ राजघाट पहुंचे । लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा, “राज्यसभा और लोकसभा के करीब 300 सांसद शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन करना चाहते हैं। हमें दो दिनों से विरोध करने से रोका जा रहा है। पहले दिन हमें इलेक्शन कमीशन के बाहर रोका गया। इसके बाद, हमने जंतर-मंतर पर विरोध करने की इच्छा जताई, फिर भी कल, जैसा आपने देखा, हमें वहां भी रोक दिया गया; हमारे लोगों पर हमला किया गया। असलियत यह है कि नरेंद्र मोदी, अमित शाह, ज्ञानेश कुमार और मोहन भागवत ने एक क्रिमिनल साज़िश के ज़रिए भारत को हाईजैक कर लिया है, संविधान को नष्ट कर दिया है और वोट चुरा लिए हैं। हम, विपक्ष, आपको भरोसा दिलाते हैं कि कार्रवाई की जाएगी। उन्हें सज़ा मिलेगी। यह हमारी गारंटी है। आप देखेंगे कि इन चार लोगों को सज़ा मिलेगी।”
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, “हम इंडिया गठबंधन के सभी सासंद गांधी स्मारक जा रहे हैं जहां पर हम धरना करेंगे और शांतिपूर्वक तरीके से बैठकर वहां पर हम यही प्रार्थना करेंगे कि भाजपा सरकार, नरेंद्र मोदी और अमित शाह को सद्बुद्धि दें। वो जो कर रहे हैं वो देश के हित में नहीं है। वोट चोरी का मामला हो या फिर देश में आज जो बढ़ती हुई महंगाई है, युवा की समस्या है और जो समस्या उन्होंने खड़ी की है; वो जनता के विरोध में है। इसलिए हम गांधी जी के स्मारक पर जाकर प्रार्थना करेंगे कि आपकी दिलाई आजादी को ये लोग छीन रहे हैं और खत्म करने की कोशिश कर रहे हैं। हमारे वोट के अधिकार को छीन रहे हैं ।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने इंडिया ब्लॉक के सांसदों को गुरुवार दोपहर 1:45 बजे कनॉट प्लेस स्थित मोएट्स रेस्टोरेंट में लंच के लिए बुलाया । लंच के बाद विपक्षी सांसद राजघाट पहुंचे और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी । इससे पहले बुधवार को भी मल्लिकार्जुन खड़गे ने विपक्षी सांसदों के लिए कनॉट प्लेस के सागर रत्ना रेस्टोरेंट में लंच का आयोजन किया था। इसके बाद सांसद जंतर-मंतर पहुंचे और एसआईआर के खिलाफ प्रदर्शन किया था।
कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने प्रदर्शन के दौरान सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि देश में अराजकता विपक्ष नहीं, बल्कि भाजपा, अमित शाह, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार फैला रहे हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष लोकतंत्र और देश के आम लोगों के अधिकारों की रक्षा के लिए लड़ रहा है। वेणुगोपाल ने इसे विपक्ष के लिए ‘करो या मरो’ की लड़ाई बताते हुए कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य मतदाताओं और आम लोगों के हितों की रक्षा करना है। जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान पुलिस के साथ कथित मारपीट और 6 अक्टूबर को आकाशवाणी भवन में प्रवेश करने के मामले में दिल्ली पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। पुलिस के मुताबिक, इस पूरे मामले में कुल तीन एफआईआर दर्ज की गई हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved