img-fluid

सांची वीनस इंडिया प्राइवेट लिमिटेड (देसी मसाला)’ रेस्टोरेंट का पंजीयन निलंबित; मानपुर सहित विभिन्न क्षेत्रों में खाद्य प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई, विश्व खाद्य सुरक्षा दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

October 16, 2026

इंदौर, 16 अक्टूबर 2026। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, मध्य प्रदेश, भोपाल के निर्देशन में तथा कलेक्टर शिव वर्मा के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा प्रशासन, इंदौर द्वारा खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने, मिलावट पर नियंत्रण रखने तथा आमजन को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने हेतु निरीक्षण, नमूना संग्रहण एवं जनजागरूकता की गतिविधियां निरंतर संचालित की जा रही हैं।

देसी मसाला रेस्टोरेंट रेस कोर्स रोड 56 का पंजीयन निलंबित

सांची वीनस इंडिया प्राइवेट लिमिटेड (देसी मसाला) रेस्टोरेंट, 39 रेस कोर्स रोड का दिनांक 11 सितंबर 2026 को निरीक्षण किया गया था। निरीक्षण में पाई गई कमियों के आधार पर सुधार सूचना पत्र जारी किया गया था। निर्धारित अवधि में कमियों का संतोषजनक निराकरण नहीं किए जाने तथा प्रस्तुत जवाब एवं दस्तावेजों में भी खाद्य सुरक्षा संबंधी कमियां पाए जाने पर पंजीयन प्राधिकारी मनोज कुमार रघुवंशी द्वारा दिनांक 15 अक्टूबर 2026 के आदेश से संबंधित प्रतिष्ठान का पंजीयन तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि में प्रतिष्ठान में खाद्य कारोबार का संचालन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।

मानपुर क्षेत्र में किराना दुकानों का निरीक्षण, नमूना संग्रहण एवं व्यापारियों को निर्देश

दिनांक 16 अक्टूबर 2026 को तहसील महू के मानपुर क्षेत्र में विभिन्न किराना दुकानों का औचक निरीक्षण कर खाद्य नमूने संग्रहित किए गए। निरीक्षण के दौरान खुले में धनिया, मिर्च एवं हल्दी की बिक्री की जाती हुई पाई गई। संबंधित व्यापारियों को निर्देशित किया गया कि वे खाद्य पदार्थों की खुली बिक्री से बचें तथा खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप पैक्ड खाद्य पदार्थों का ही विक्रय सुनिश्चित करें

निरीक्षण के दौरान निम्नलिखित प्रतिष्ठानों से खाद्य नमूने संग्रहित किए गए:

– सुरेश चंद एवं ब्रदर्स किराना दुकान: नमकीन, हल्दी पाउडर, मिर्च पाउडर एवं गुलाब जामुन मिक्स के 4 नमूने।

– माहेश्वरी किराना: गुलाब जामुन मिक्स, खड़ा मसाला, चाय एवं अजवाइन के 4 नमूने।

– राजेश किराना, सदर बाजार, मानपुर: घी एवं स्वामीनारायण आटा के 2 नमूने।

इस प्रकार मानपुर क्षेत्र के उक्त प्रतिष्ठानों से कुल 10 नमूने जांच हेतु संग्रहित किए गए हैं, जिन्हें राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के पश्चात नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

गणेश नगर स्थित दुग्ध डेयरियों का निरीक्षण एवं नमूना संग्रहण

दिनांक 16 अक्टूबर 2026 को इंदौर के गणेश नगर क्षेत्र स्थित विभिन्न दुग्ध डेयरियों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान निम्नलिखित प्रतिष्ठानों से खाद्य नमूने संग्रहित किए गए:

– सांवरिया डेयरी: दूध, घी एवं पनीर के नमूने।

– श्री डेयरी: घी का नमूना।

– कृष्णा डेयरी: पनीर का नमूना।

उक्त डेयरियों से कुल 5 नमूने जांच हेतु संग्रहित किए गए हैं, जिन्हें राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के पश्चात नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

नौलखा स्थित नेचुरल मेवा प्रतिष्ठान का निरीक्षण एवं नमूना संग्रहण

दिनांक 16 अक्टूबर 2026 को नौलखा स्थित नेचुरल मेवा प्रतिष्ठान का निरीक्षण कर बादाम एवं काजू के नमूने जांच हेतु संग्रहित किए गए। दोनों नमूनों को गुणवत्ता परीक्षण के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के पश्चात नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

ट्रेजर आइलैंड मॉल के फूड कोर्ट में निरीक्षण

दिनांक 15 अक्टूबर 2026 को ट्रेजर आइलैंड मॉल के फूड कोर्ट स्थित सुरुचि फूड्स चटोरी का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई संबंधी कमियां पाए जाने पर सुधार सूचना पत्र जारी करने की कार्रवाई की जा रही है। प्रतिष्ठान से विभिन्न खाद्य पदार्थों के 5 नमूने जांच हेतु संग्रहित किए गए हैं। जांच रिपोर्ट एवं निरीक्षण संबंधी तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

चलित खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला से 25 नमूनों की त्वरित जांच

मानपुर क्षेत्र में विभाग की चलित खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला (Mobile Food Testing Lab) के माध्यम से हल्दी, मिर्च, धनिया, तेल एवं खड़े मसालों सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के कुल 25 नमूनों की मौके पर त्वरित जांच की गई। इस पहल का उद्देश्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा मिलावट की प्रारंभिक पहचान के संबंध में जानकारी उपलब्ध कराना है।

विश्व खाद्य सुरक्षा दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम एवं ‘हर लेबल कुछ कहता है’ पहल

विश्व खाद्य सुरक्षा दिवस के अवसर पर खाद्य सुरक्षा प्रशासन, जिला इंदौर द्वारा श्री वैष्णव विद्यापीठ विश्वविद्यालय (SVVV) के विद्यार्थियों, आमजन एवं द वेल्वेट कोटयार्ड के कर्मचारियों के लिए खाद्य सुरक्षा एवं मिलावट के प्रति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

श्री वैष्णव विद्यापीठ विश्वविद्यालय में खाद्य सुरक्षा पर कार्यशाला

विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम के अंतर्गत खाद्य सुरक्षा विषय पर एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री मनीष स्वामी ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से सही खान-पान, घर में खाद्य सुरक्षा बनाए रखने के उपायों तथा दैनिक जीवन में खाद्य सुरक्षा की आवश्यकता एवं महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने खाद्य पदार्थों के सुरक्षित चयन, उचित भंडारण, स्वच्छता तथा खाद्य पदार्थों को सुरक्षित तरीके से तैयार करने एवं सेवन करने संबंधी महत्वपूर्ण पहलुओं पर प्रकाश डाला। साथ ही, स्वस्थ जीवनशैली के लिए सुरक्षित एवं संतुलित खान-पान की आदतें अपनाने तथा खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।

कार्यक्रम में दूध, तेल, मसाले, मिठाई सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों में होने वाली मिलावट, उसकी प्रारंभिक पहचान के सरल घरेलू तरीकों तथा मिलावटी खाद्य पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी भी दी गई। प्रतिभागियों को सुरक्षित, शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री का चयन करने के लिए प्रेरित किया गया।

FSSAI की ‘हर लेबल कुछ कहता है’ पहल के तहत लेबल संबंधी जागरूकता

भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) की पहल ‘हर लेबल कुछ कहता है’ के अंतर्गत पैक्ड खाद्य पदार्थों के लेबल को पढ़ने एवं समझने के महत्व पर विशेष जागरूकता दी गई। प्रतिभागियों को खाद्य सामग्री खरीदते समय निर्माण तिथि, उपयोग की अंतिम तिथि, सामग्री विवरण (Ingredients), पोषण संबंधी जानकारी तथा अन्य आवश्यक लेबल विवरणों को ध्यानपूर्वक पढ़ने एवं समझने के लिए प्रेरित किया गया, ताकि वे उपलब्ध जानकारी के आधार पर सुरक्षित एवं उचित खाद्य विकल्प चुन सकें।

इन जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों, आमजन एवं खाद्य कारोबार से जुड़े कर्मचारियों को मिलावट से बचने, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के प्रति सजग रहने तथा सुरक्षित खाद्य आदतों को दैनिक जीवन में अपनाने का संदेश दिया गया।

खाद्य सुरक्षा प्रशासन, इंदौर द्वारा स्पष्ट किया गया है कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने, खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन कराने, मिलावट पर प्रभावी नियंत्रण रखने तथा जनस्वास्थ्य की रक्षा के लिए निरीक्षण, नमूना संग्रहण एवं जनजागरूकता संबंधी गतिविधियां निरंतर जारी रहेंगी।

Share:

  • भोपाल में बच्ची की रेप कर हत्या की आशंका: खंडहर में बिना कपड़ों के मिली लाश, शरीर पर दांत से काटने के मिले निशान, फांसी की मांग

    Fri Oct 16 , 2026
    राजधानी भोपाल के बैरागढ़ में 12 साल की बच्ची की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि बच्ची का शव कंबल से लिपटा हुआ था और कपड़े लाश से दूर पड़े मिले। जिसके बाद आशंका है कि बच्ची से दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर दी गई है। घटनाक्रम सामने आने […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved