
मंदसौर। मध्य प्रदेश के मंदसौर (Mandsaur) में में दो बच्चों की संदिग्ध मौत के बाद जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। दोनों बच्चों में प्राथमिक तौर पर मलेरिया के लक्षण सामने आए थे, वहीं उनके प्लेटलेट्स में भी कमी पाई गई थी। हालांकि, बच्चों की मौत की वास्तविक वजह का खुलासा फाइनल जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
घटना के बाद डीएम के निर्देश पर प्रशासनिक अमला एसडीएम सहित ग्राम छोटी कोटड़ी पहुंचा, जहां स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग और राजस्व विभाग की टीमें गांव में स्क्रीनिंग कर रही हैं। अब तक करीब 200 लोगों की स्क्रीनिंग की जा चुकी है, जिनमें लगभग 25 लोगों में मलेरिया के लक्षण पाए जाने की जानकारी सामने आई है। कुछ मरीजों का भानपुरा में उपचार जारी है, जबकि कुछ मरीजों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
गांव में कुल आठ टीमें तैनात की गई हैं, जो घर-घर जाकर लोगों की स्क्रीनिंग करने के साथ ही स्वास्थ्य संबंधी जानकारी एकत्रित कर रही हैं। जिन लोगों में बुखार या मलेरिया के लक्षण दिखाई दे रहे हैं, उन्हें तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर जांच और उपचार कराने की सलाह दी जा रही है। वहीं, स्वास्थ्य विभाग और ग्राम पंचायत की टीमें गांव के सार्वजनिक जल स्रोतों से पानी के सैंपल भी ले रही हैं, ताकि पानी की गुणवत्ता की जांच की जा सके।
इसके साथ ही गांव में कीटनाशक दवाइयों का छिड़काव भी किया जा रहा है। फिलहाल, दो बच्चों की मौत के मामले में प्राथमिक तौर पर प्लेटलेट्स की कमी और मलेरिया के लक्षण सामने आए हैं, लेकिन मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि होना अभी बाकी है। अब सभी की नजरें फाइनल जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे बच्चों की मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved