
नई दिल्ली । केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Union Home Minister Amit Shah) ने कहा कि युवा शक्ति (Youth Power) ‘राष्ट्र प्रथम’ की विचारधारा के साथ मजबूती से खड़ी है (Stands firmly with ideology of ‘Nation First’) ।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ओडिशा के छात्रसंघ चुनावों में मिली प्रचंड जीत के लिए अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि परिषद की यह जीत देशविरोधी ताकतों को युवाओं का करारा जवाब है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार सुबह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट में लिखा, “ओडिशा के छात्रसंघ चुनावों में मिली प्रचंड जीत के लिए एबीवीपी के कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई।” शाह ने पंजाब यूनिवर्सिटी, दिल्ली यूनिवर्सिटी और अब ओडिशा के विश्वविद्यालयों में एबीवीपी जीत का जिक्र करते हुए विरोधियों पर भी हमला बोला। उन्होंने ‘एक्स’ पोस्ट में कहा, “पहले पंजाब यूनिवर्सिटी, फिर दिल्ली यूनिवर्सिटी और अब ओडिशा के 13 विश्वविद्यालयों में एबीवीपी को मिली यह शानदार जीत स्पष्ट संदेश है कि देश की युवा शक्ति झूठ, भ्रम व अराजकता फैलाने वाली ताकतों के साथ नहीं, बल्कि ‘राष्ट्र प्रथम’ की विचारधारा के साथ मजबूती से खड़ी है। परिषद की यह जीत देशविरोधी ताकतों को युवाओं का करारा जवाब है।”
एबीवीपी ने ओडिशा के छात्र संघ चुनावों में अपनी मजबूत छाप छोड़ी है। संगठन ने 13 विश्वविद्यालयों में 8 अध्यक्ष और 11 महासचिव के पदों पर जीत हासिल की है। वहीं, 6 विश्वविद्यालयों में पूरी तरह से क्लीन स्वीप किया है। विद्यार्थी परिषद ने जीत के बाद ‘एक्स’ पोस्ट में कहा, “ओडिशा के छात्रों का जनादेश स्पष्ट है, वे एबीवीपी के साथ हैं। ओडिशा के परिसरों से संदेश साफ है: छात्रों ने छात्र नेतृत्व और सेवा के प्रति एबीवीपी की प्रतिबद्धता पर अपना भरोसा जताया है।”
ओडिशा उच्च शिक्षा विभाग के अनुसार, गुरुवार को कुल 332 उच्च शिक्षण संस्थानों (जिनमें लगभग 320 कॉलेज और 13 विश्वविद्यालय शामिल हैं) में सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक मतदान हुआ। इन संस्थानों में कुल 6,696 उम्मीदवारों ने चुनाव लड़ा, जिनमें कॉलेजों से 6,358 और विश्वविद्यालयों से 338 उम्मीदवार शामिल थे। हिंसा की कुछ छोटी-मोटी घटनाओं को छोड़कर, राज्य भर के कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में कैंपस चुनाव काफी हद तक शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved