
इंदौर। इंदौर में गरबा आयोजनों के बीच मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामला तुकोगंज थाना क्षेत्र स्थित बास्केटबॉल कॉम्प्लेक्स में आयोजित गरबा पंडाल का है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, गरबा खेलने के दौरान एक व्यक्ति को कोहनी लगने की मामूली बात पर विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। पुलिस ने वायरल वीडियो को संज्ञान में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
दरअसल इंदौर के बास्केटबॉल कॉम्प्लेक्स में गरबा आयोजन के दौरान कुछ लोगों के बीच विवाद हुआ था। शुरुआत में मामला कोहनी लगने को लेकर था, लेकिन बाद में विवाद बढ़ गया और मौके पर मौजूद लोगों के बीच मारपीट होने लगी। इस घटना का वीडियो किसी ने बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया, जिसके बाद मामला चर्चा में आ गया। सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल ने वायरल वीडियो पर संज्ञान लेते हुए घटनास्थल की पहचान की और संबंधित थाना पुलिस को जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, फिलहाल घटना से जुड़ी पूरी जानकारी सामने नहीं आई है। वीडियो के आधार पर मारपीट में शामिल लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। गरबा आयोजन के दौरान हुए इस विवाद ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved