
कटड़ा। माता वैष्णो देवी (Mata Vaishno Devi) के दर्शन के लिए भारी भीड़ देखी जा रही है। अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि 11 अक्तूबर से शुरू हुए शारदीय नवरात्र (Sharadiya Navaratri) में अब तक करीब चार लाख श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। ये पिछले साल के आंकड़ों से अधिक है। ये भी उम्मीद लगाई जा रही है कि इस पूरे वर्ष में श्रद्धालुओं (Record number of Pilgrims) का आंकड़ा एक करोड़ पहुंच सकता है। वहीं भवन परिसर में शतचंडी महायज्ञ (Shatachandi Mahayajna) में भी श्रद्धालु उत्साह से हिस्सा ले रहे हैं।
साफ मौसम और तीर्थस्थल के आधार शिविर कटड़ा शहर में उत्सव भरे माहौल के बीच यात्रा में श्रद्धालुओं का लगातार तांता लगा हुआ है। यात्रा के आंकड़ों के अनुसार, 11 अक्तूबर को 47,574 श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। इसके बाद 12 अक्तूबर को 48,400, 13 अक्तूबर को 46,558, 14 अक्तूबर को 41,961 और 15 अक्तूबर को 39,951 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। 16 अक्तूबर को 41,750 श्रद्धालु पहुंचे, जबकि 17 अक्तूबर को 48,500 श्रद्धालुओं ने माथा टेका और 18 अक्तूबर को 47,700 श्रद्धालुओं ने यात्रा के लिए पंजीकरण कराया।
सोमवार को रात 10 बजे तक 32,400 से अधिक श्रद्धालु पंजीकरण करवाकर भवन की ओर रवाना हो चुके थे। इसके बाद पंजीकरण केंद्र बंद कर दिया गया था। इसके बाद भी देशभर के विभिन्न राज्यों से श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। नवरात्र के दौरान श्रद्धालुओं की निरंतर आमद से कटड़ा में धार्मिक उत्सव की रौनक बनी हुई है।
महायज्ञ अपने नौवें दिन में प्रवेश
नौ दिवसीय शतचंडी महायज्ञ अपने नौवें दिन में प्रवेश कर चुका है, जिसके तहत मंदिर परिसर स्थित यज्ञशाला में प्रार्थना और वैदिक अनुष्ठान संपन्न किए जा रहे हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved