
मध्य प्रदेश के बुधनी के रेहटी इलाके में बदमाशों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। हरदा से यात्रियों को लेकर भोपाल जा रही ‘इंदिरा बस सर्विस’ की एक यात्री बस पर बुधवार सुबह करीब 10 बजे 20 से 25 लोगों ने अचानक हमला बोल दिया। काला गेट के पास हुई इस घटना में हमलावरों ने बस को बीच रास्ते में रोककर चालक और परिचालक के साथ जमकर मारपीट की, बस पर पत्थर फेंके और तोड़फोड़ की। इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के मुताबिक हमलावरों ने करीब आधे घंटे तक बस को रोके रखा और जमकर उपद्रव मचाया। इस अचानक हुई हिंसा और तोड़फोड़ से बस में सफर कर रहे यात्री बुरी तरह डर गए और वाहन के भीतर अफरा-तफरी मच गई। दहशत के इस माहौल के बीच किसी तरह चालक और परिचालक ने सूझबूझ दिखाते हुए यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी और बस को वहां से सुरक्षित आगे निकाला।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि उपद्रवियों ने परिचालक के पास रखे हिसाब-किताब के करीब 12 हजार रुपये भी जबरन छीन लिए। बस कर्मचारियों के साथ मारपीट और तोड़फोड़ की इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
रेहटी थाने में शिकायत दर्ज बस मालिक की ओर से रेहटी थाने में इस मामले की आधिकारिक शिकायत दर्ज करा दी गई है। अब देखना यह होगा कि वायरल वीडियो और शिकायत के आधार पर पुलिस इस मामले में क्या और कितनी सख्त कार्रवाई करती है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved