
भोपाल। राजधानी के जेपी अस्पताल (JP Hospital) में प्रशासनिक लापरवाही के चलते एक बार फिर डॉक्टरों का गुस्सा फूट पड़ा है। पिछले 5 महीने से स्टाइपेंड और 3 महीने से वेतन नहीं मिलने से नाराज तीन डॉक्टर भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं। बकाया भुगतान न होने पर डॉक्टरों ने पहले ही आंदोलन का ऐलान कर दिया था।
अनशन पर बैठने वाले डॉक्टरों में डॉ. शुभम कश्यप, डॉ. मनीष बरसरे और डॉ. रविंद्र पाल शामिल हैं। जेपी अस्पताल के डॉक्टरों का आरोप है कि स्टाइपेंड रोकने और वेतन भुगतान के मामले में नियमों की सरासर अनदेखी की जा रही है, जिसके कारण उन्हें आर्थिक तंगी और भारी मानसिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ रहा है।
अस्पताल अधीक्षक डॉ. संजय जैन की प्रतिक्रिया आई सामने
भोपाल के जेपी अस्पताल के अधीक्षक डॉ. संजय जैन ने डॉक्टरों की भूख हड़ताल पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि ये डॉक्टर बिना किसी पूर्व सूचना के छुट्टी पर चले गए थे, जिसके चलते इनकी सैलरी रोकी गई थी, जबकि बाकी दिनों का वेतन दिया जा चुका है। उन्होंने स्पष्ट किया कि डॉक्टरों का इस तरह हड़ताल पर बैठना पूरी तरह से शासकीय नियमों के विरुद्ध है और हड़ताल करने के बजाय उन्हें अपनी समस्या से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराना चाहिए था।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved