
पथनमथिट्टा: केरल के पथनमथिट्टा से मानवता को शर्मसार कर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. रात में सोते समय लगातार रोने पर आठ महीने की मासूम बच्ची की गला दबाकर हत्या कर दी गई थी. घटना के तीन साल बाद पुलिस ने मामले की गहन जांच करते हुए मृतका की मां को गिरफ्तार कर लिया है. 12 अगस्त 2023 को पुलीकीझु पुलिस थाना क्षेत्र के वलांजावट्टम में एक दलदली घास के मैदान से बच्ची का शव बरामद हुआ था. पुलिस अब हत्या में शामिल मुख्य आरोपी और उसके भाई की तलाश में जुटी है.
पुलिस की गहन जांच में इस खौफनाक वारदात की पूरी परतें खुली हैं. आरोपी मां मंजी की साल 2023 में अपने पति ईसक्की से अनबन हुई थी, जिसके बाद वो अपनी 8 महीने की बच्ची को लेकर अलप्पुझा चली गई थी. कालारकोड स्थित एक दुकान पर मंजी की मुलाकात सिवन नामक व्यक्ति से हुई, जिसने देखभाल का भरोसा देकर उसे अपने साथ चंगनास्सेरी ले गया, जहां वे दुकान के बरामदे में रहने लगे. अगस्त 2023 की एक रात मासूम बच्ची सोते समय रोने लगी. रोने की आवाज से गुस्साए सिवन ने आपा खो दिया और मासूम का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी.
हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने के लिए शव को दलदल में फेंक दिया गया था. हत्या के बाद आरोपी सिवन और मंजी ने उसके छोटे भाई शक्ति की मदद ली और शव को वलांजावट्टम के दलदली इलाके में फेंक दिया. हाल ही में जब मंजी बिना बच्ची के पलक्कड़ स्थित अपनी कॉलोनी वापस लौटी, तो कॉलोनी प्रमोटर ने बच्ची के बारे में पूछताछ की. मंजी के स्पष्ट जवाब न देने पर प्रमोटर ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. पुलिस द्वारा हिरासत में लेकर की गई कड़ाई से पूछताछ में मंजी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद उसे अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved