
उज्जैन। सिविल अस्पताल महिदपुर की नवजात शिशु देखभाल इकाई (एनबीएसयू) शुरू करने के निर्देश जिला स्वास्थ्य अधिकारियों ने दिए हैं। 23 अक्टूबर को जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जितेंद्र सिंह राजपूत और जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. रविंद्र कुमार पाल ने अस्पताल का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं देखीं।
अधिकारियों ने एनबीएसयू, प्रसवोत्तर वार्ड (पीएनसी), पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) और वार्ड-16 में आयोजित वीएचएसएनडी सत्र का जायजा लिया। उन्होंने गर्भवती महिलाओं और बच्चों के टीकाकरण की जानकारी यू-विन पोर्टल पर शत-प्रतिशत दर्ज करने के निर्देश दिए। इसके अलावा एनआरसी के निरीक्षण में कुपोषित बच्चों की नियमित जांच कर गंभीर स्थिति वाले बच्चों को जरूरत के अनुसार भर्ती कराने को कहा। बच्चों के उपचार, पोषण और देखभाल के साथ उनकी नियमित निगरानी के निर्देश भी दिए गए। निरीक्षण के दौरान बीएमओ डॉ. शोभना भाबर सहित अस्पताल का स्वास्थ्य अमला मौजूद रहा।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved